सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Auto Driver Intervening in Train Seat Dispute Beaten to Death at Saharsa Bihar Two Arrested

Bihar: ट्रेन में सीट को लेकर हुआ विवाद बना मौत का कारण! बीच-बचाव करने पहुंचे ऑटो चालक को उतारा मौत के घाट

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा Published by: कोसी ब्यूरो Updated Mon, 08 Jun 2026 04:03 PM IST
विज्ञापन
सार

Bihar: सहरसा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सीट को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बीच-बचाव करने पहुंचे 38 वर्षीय ऑटो चालक मो. अनीस को हमलावरों ने बेरहमी से पीट दिया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।  

Auto Driver Intervening in Train Seat Dispute Beaten to Death at Saharsa Bihar Two Arrested
मृतक - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार

सहरसा रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बे में सीट को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई बहस खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। इस हिंसक झड़प में बीच-बचाव करने पहुंचे एक 38 वर्षीय व्यक्ति को बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया, जिसकी सोमवार दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।



सीट बचाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी
मृतक की पहचान सहरसा नगर निगम के भेड़धरी वार्ड नंबर 24 निवासी मो. हनीफ के पुत्र मो. अनीस (38 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पेशे से ऑटो चालक था और सहरसा से मधेपुरा के बीच ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:05 बजे अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी थी। भेड़धरी निवासी मो. निजाम अपनी सास मोमिना बीबी को ट्रेन में बैठाने के लिए बोगी में गए थे। निजाम ने अपनी सास के लिए एक सीट रोक रखी थी, जिस पर महिषी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 निवासी मुसद सादा (66 वर्ष) और उनके पुत्र रमेश सादा (26 वर्ष) ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


बीच-बचाव करने पहुंचे अनीस को बनाया निशाना
पीड़ित मो. निजाम के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के करीब 8 से 9 लोग वहां पहुंच गए और उनके साथ मारपीट करने लगे। अपने परिचित निजाम को पिटता देख साथ आए ऑटो चालक अनीस ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इसके बाद हमलावरों ने अनीस को ही निशाना बना लिया। आरोप है कि हमलावरों ने बोगी के अंदर ही अनीस का सिर दीवार और लोहे की सीट पर पटक-पटक कर उसे लहूलुहान कर दिया। स्टेशन पर हंगामा बढ़ता देख जब तक जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक कई हमलावर भाग चुके थे। हालांकि, पुलिस ने मौके से दो लोगों को दबोच लिया।
विज्ञापन
Trending Videos


गंभीर चोट के बाद अस्पताल में हार गए जिंदगी की जंग
गंभीर रूप से जख्मी अनीस को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया। निजी क्लीनिक के चिकित्सक डॉ. रंजेश कुमार ने बताया कि सिर में गंभीर अंदरूनी चोट लगने के कारण मरीज का ब्रेन डेथ हो गया था, जिससे उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अनीस की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक अपने पीछे दो बेटे तबरेज (15 वर्ष), परवेज (14 वर्ष और एक बेटी शहजादी खातून (12 वर्ष) को छोड़ गया है।

ये भी  पढ़ें: गर्मी ऐसी कि सरकारी कार्यालय में कुर्सी पर अधिकारी बेहोश; अंचल नाजिर को ले जाया गया अस्पताल

दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मामले की जानकारी देते हुए जीआरपी थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed