Bihar Crime: सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आई युवती दरिंदगी की कोशिश, एंबुलेंस कर्मी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
Saharsa Crime: सहरसा के सदर अस्पताल में इलाज कराने आई एक युवती से एंबुलेंस कर्मी और उसके साथियों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर महिला कर्मियों ने उसकी इज्जत और जान बचाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
बिहार के सहरसा में जीवनदायिनी कहे जाने वाले सदर अस्पताल परिसर में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। गले के दर्द का इलाज कराने आई एक युवती को एंबुलेंस कर्मी ने धोखे से सुनसान जगह ले जाकर अपने साथियों के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। हालांकि, अस्पताल की महिला कर्मियों की सतर्कता से युवती की इज्जत बच गई। पुलिस ने मामले में फुर्ती दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर एंबुलेंस कर्मी समेत तीन दरिंदों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, घटना 29 जनवरी की है। सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती गले में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी। रजिस्ट्रेशन काउंटर के पास उसे एंबुलेंस कर्मी नन्द कुमार मिला। उसने युवती को झांसा दिया कि रजिस्ट्रेशन पुरानी बिल्डिंग की पहली मंजिल पर होता है। विश्वास करके युवती उसके साथ चली गई। वहां पहले से ही अंकित कुमार और कृष्ण कुमार मौजूद थे। तीनों ने युवती को सुनसान पाकर उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और दुष्कर्म की कोशिश की।
महिला कर्मियों ने बचाई आबरू, बनाया वीडियो
खुद को घिरता देख युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर बगल के कमरे में काम कर रही अस्पताल की महिला कर्मी मौके पर दौड़ पड़ीं। उन्होंने न केवल युवती को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया, बल्कि मौके पर ही आरोपियों का वीडियो भी बना लिया। यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जो पुलिस के लिए अहम सबूत बना।
पढ़ें- Bihar: आश्रम घाट से बोरे में मिले शव की टैटू से पहचान, कुचला गया था महिला का चेहरा; पति पर लगा हत्या का आरोप
सीसीटीवी और वीडियो से पकड़े गए आरोपी
वायरल वीडियो और पीड़िता के आवेदन पर एसपी हिमांशु ने तत्काल एक्शन लिया। महिला थाना में केस दर्ज कर एसडीपीओ आलोक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एंबुलेंस में एमटी के पद पर कार्यरत वार्ड नं. 46, धमसैनी निवासी नन्द कुमार, नवहट्टा थाना क्षेत्र के रहने वाले अंकित कुमार एवं सहरसा न्यू कॉलोनी कृष्ण कुमार के रूप में की गई। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने यह कामयाबी हासिल की है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.