Bihar News: सुपौल को मिली एक और सौगात; अब NH 327ई के अपग्रेडेशन के लिए 1547.55 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृति
Supaul News : सुपौल को मिली बड़ी सौगात : केंद्र सरकार ने परसरमा से अररिया तक एनएच 327ई के अपग्रेडेशन के लिए 1547.55 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी। इस परियोजना से मार्ग की सुरक्षा, यातायात सुगमता और क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
विस्तार
चुनावी मौसम में सुपौल को एक और बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने सुपौल के परसरमा से अररिया तक एनएच 327ई के अपग्रेडेशन के लिए 1547.55 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है। रविवार की रात किए गए पोस्ट में उन्होंने बताया कि बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग 327ई पर परसरमा से अररिया (102.193 किमी) मार्ग के पाव्ड शोल्डर सहित 2-लेन में ब्राउनफील्ड अपग्रेडेशन कार्य के लिए 1547.55 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है।
यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा
यह परियोजना सुपौल, पिपरा, त्रिवेणीगंज, रानीगंज जैसे घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों के लिए बाईपास के साथ बनाई जाएगी, जिससे भारी वाहनों का दबाव इन शहरों पर कम होगा और यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। इस मार्ग विकास परियोजना से न सिर्फ यात्रा के समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इस परियोजना से विशेष रूप से मखाना, मत्स्यपालन, मक्का, दुग्ध उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण और अन्य छोटे उद्यमों को लाभ होगा, जो इस क्षेत्र की पारंपरिक और प्रमुख आजीविका का स्रोत हैं।
ये भी पढ़ें- Vande Bharat Express : आज से चलेगी दानापुर-जोगबनी वंदे भारत; PM ने जिसे हरी झंडी दिखाई, वह ट्रेन अभी पूरी खाली
उद्योगों, कृषि और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा
बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, जिससे स्थानीय उद्योगों, कृषि और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना न सिर्फ वर्तमान की जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि भविष्य की ट्रैफिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक सतत और दूरदर्शी समाधान भी प्रदान करेगी।
सूबे के ऊर्जा मंत्री एवं सुपौल विधायक विजेंद्र प्रसाद यादव ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री के समक्ष रखा था। यह परियोजना सुपौल जिला सहित कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लिए मिल का पत्थर साबित होगी।
ये भी पढ़ें- Bihar Election : सीट बंटवारे में अब फिर लालू प्रसाद उतरेंगे! तेजस्वी यादव और राहुल गांधी के बीच अटका मामला