Bihar News: जनसेवा एक्सप्रेस में सीट विवाद को लेकर हुई जमकर मारपीट, तीन घायल; दो घंटे रुकी रही ट्रेन
Bihar News: मौके पर पहुंचे सर्किल इंस्पेक्टर मो. शुजाउद्दीन और आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार ने मजदूरों को शांत कराया। अधिकारियों ने एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विस्तार
पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड पर बुधवार दोपहर अमृतसर-सहरसा जनसेवा एक्सप्रेस में सीट विवाद को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। कोपरिया और सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन के बीच हुई इस मारपीट में तीन यात्री घायल हो गए। घायल सभी प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं, जो जम्मू-कश्मीर से घर लौट रहे थे।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि स्थानीय यात्रियों के एक गुट ने ट्रेन की इमरजेंसी चेन खींचकर (वैक्यूम पुलिंग) ट्रेन को जबरन रोका और उनके साथ मारपीट की। हमलावरों ने मोबाइल और नकदी भी छीन ली। घटना के बाद आक्रोशित मजदूरों ने सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर जमकर हंगामा किया, जिससे ट्रेन करीब दो घंटे तक रुकी रही और समस्तीपुर रेल मंडल में अफरातफरी मच गई।
कैसे हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सीट पर बैठने को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। अमृतसर से लौट रहे प्रवासी मजदूर ट्रेन में पहले से सवार थे, जबकि स्थानीय यात्री कोपरिया स्टेशन पर चढ़े थे। इसी दौरान सीट को लेकर विवाद हुआ और स्थानीय यात्रियों ने ट्रेन रोककर मजदूरों पर हमला कर दिया। हमले में तीन मजदूर मोहम्मद अंसारुल, मोहम्मद कुर्बान और मोहम्मद शुभान घायल हुए। बताया गया कि मारपीट के दौरान कुछ हमलावरों ने ट्रेन के शीशे भी तोड़ दिए।
पढे़ं: सुपौल की सभी सीटों पर महागठबंधन के दो नए चेहरे, 3 करोड़पतियों पर दांव; एक ने सरकारी नौकरी छोड़ी
सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर हंगामा
घटना से आक्रोशित मजदूर सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म पर उतर आए और न्याय की मांग करते हुए ट्रेन के आगे रास्ता रोक दिया। मजदूरों का कहना था कि चूंकि हमला चलती ट्रेन में हुआ है, इसलिए कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा होनी चाहिए। स्टेशन मास्टर ने तत्काल पुलिस और आरपीएफ को सूचना दी। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सहरसा आरपीएफ को भी बुलाया गया।
पुलिस और आरपीएफ ने संभाला हालात
मौके पर पहुंचे सर्किल इंस्पेक्टर मो. शुजाउद्दीन और आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार ने मजदूरों को शांत कराया। अधिकारियों ने एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और शाम 4 बजकर 21 मिनट पर ट्रेन को आगे सहरसा के लिए रवाना किया गया।घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।