Bihar: कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय में आठवीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
Madhepura News : रविवार रात विद्यालय में आयोजित डांस कार्यक्रम में हिस्सा लेने और भोजन करने के बाद संतोषी करीब 9.30 बजे अपने कमरे में सोने चली गई थी। सोमवार तड़के करीब तीन बजे उसकी सहपाठी छात्रा ने वार्डन को संतोषी की तबीयत खराब होने की सूचना दी।
विस्तार
मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में रविवार रात कक्षा आठ की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के मझुआ वार्ड पांच निवासी बबलू शर्मा की पुत्री संतोषी कुमारी (13) के रूप में हुई है। वह अपनी छोटी बहन अंशु कुमारी के साथ पिछले दो वर्षों से विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
परिजनों के अनुसार, रविवार रात विद्यालय में आयोजित डांस कार्यक्रम में हिस्सा लेने और भोजन करने के बाद संतोषी करीब 9:30 बजे अपने कमरे में सोने चली गई थी। सोमवार तड़के करीब तीन बजे उसकी सहपाठी ने वार्डन को उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची वार्डन ने अन्य छात्राओं से उसके शरीर पर तेल से मालिश करने को कहा। इसके बाद आनन-फानन में गार्ड की मदद से छात्रा को बाइक से ग्वालपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें: जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो गुटों के बीच फायरिंग में दो लोग घायल; पुलिस मौके पर पहुंची
मृतका की मां चुन्नी देवी ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वह रविवार को ही बेटियों से मिलने विद्यालय आई थी और संतोषी को घर ले जाने के लिए छुट्टी मांगी थी, लेकिन वार्डन ने अनुमति नहीं दी, जबकि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ थी। संतोषी के परिवार में एक बहन अंशु (12) और बड़ा भाई मिथुन शर्मा हैं।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। ग्वालपाड़ा प्रखंड के खोकसी पंचायत के सरपंच रविंद्र कुमार ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उदाकिशुनगंज एसडीएम पंकज घोष, बीडीओ परमानंद पंडित समेत अन्य मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गए हैं।