Bihar: फुफेरे भाई से प्रेम संबंध बना मौत की वजह, पिता-भाई ने उतारा मौत के घाट, शव को नदी में फेंका
Bihar News: सुपौल के सनपतहाड़ीह में 15 वर्षीय नाबालिग की ऑनर किलिंग का मामला सामने आया। हत्या का आरोप पिता जतन लाल शर्मा और भाई पर लगा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक फुफेरे भाई से प्रेम संबंध होने के कारण नाबालिग की हत्या हुई है।
विस्तार
सुपौल के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बनैनियां पंचायत की रहने वाली एक नाबालिग लड़की की ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान जतन लाल शर्मा की 15 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। हालांकि, लंबे प्रयासों के बावजूद शव बरामद नहीं हो सका है। मामले में भपटियाही थाना पुलिस ने मृतका के भाई और पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस को मिली थी हत्या की सूचना
भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने बताया कि 8 फरवरी को स्थानीय लोगों से गुप्त सूचना मिली कि एक लड़की की हत्या कर शव को गायब करने के लिए कोसी नदी में फेंक दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने मृतका के घर जाकर परिजनों से पूछताछ की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
शव का नहीं चल सका पता
भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 9 फरवरी को स्थानीय गोताखोर और आपदा मित्र की मदद से कोसी नदी में शव की खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
मृतका का फुफेरे भाई से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस जांच में पता चला कि मृतका का अपने फुफेरे भाई से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब परिवार को इसकी जानकारी हुई, तो 6 फरवरी को मृतका को फटकार लगाई गई। इसके बावजूद वह अपने प्रेमी से संपर्क में रही। 7 फरवरी की रात पिता और भाई ने मिलकर मृतका से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। 8 फरवरी की देर शाम पिता-पुत्र ने शव को बोरे में बांधकर पत्थरों के सहारे कोसी नदी में फेंक दिया। घटना के समय घर में मृतका के दादा-दादी मौजूद थे, जबकि मां घर से बाहर थीं।
मैट्रिक की परीक्षा देने वाली थी मृतका
मृतका 10वीं की छात्रा थी और इसी वर्ष मैट्रिक की परीक्षा देने वाली थी। प्रारंभिक पूछताछ में भाई ने पुलिस को बताया कि मृतका ने कथित रूप से आत्महत्या की, लेकिन सख्ती के बाद उसने हत्या की सच्चाई स्वीकार की।
ये भी पढ़ें: 'दलालों से घिरे हैं आप, कार्यकर्ता को नहीं मिला महत्व', बैठक में प्रशांत किशोर से बोले कार्यकर्ता
पिता और भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
हत्या की पुष्टि होने पर थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने भपटियाही थाना कांड संख्या 34/26 में भाई कुमार और जतन लाल शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। प्रेमी युवक से भी पूछताछ की गई, जिसमें उसे घटना की कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.