Bihar News: नवजात शिशु एसएनसीयू से लापता, सदर अस्पताल में हड़कंप, CCTV में बड़ा सुराग मिला; परिजन बेहाल
Bihar: सुपौल सदर अस्पताल के एसएनसीयू से एक नवजात शिशु लापता होने पर हड़कंप मच गया। सीसीटीवी में परिजन बच्चे को बाहर ले जाते दिखे, लेकिन लौटते नहीं। प्रशासन जांच में जुटा है, जबकि बच्चे के परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
विस्तार
सुपौल सदर अस्पताल में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एसएनसीयू वार्ड से एक नवजात शिशु के लापता होने की जानकारी सामने आई। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल प्रशासन से लेकर मरीजों के परिजनों तक अफरा-तफरी मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन खुद एसएनसीयू पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार निर्मली प्रखंड के पिपराही वार्ड-13 निवासी देवेंद्र प्रसाद मंडल की पत्नी फूलकुमारी देवी ने 7 दिसंबर को एक पुत्र को जन्म दिया था। जन्म के बाद ही नवजात की तबीयत खराब होने लगी, जिसके बाद उसे सदर अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया। यहां उसकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा था।
लेकिन बुधवार दोपहर करीब दो बजे हालात अचानक बदल गए। एसएनसीयू के लाउडस्पीकर से फूलकुमारी देवी के नवजात की तलाश संबंधी घोषणा की गई। यह सुनते ही परिजन घबरा गए और तुरंत वार्ड पहुंचे। वहां मौजूद कर्मियों ने बताया कि बच्चा वार्ड से गायब है। इसके बाद पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
पढ़ें: अज्ञात वाहन की टक्कर से 10 साल के मासूम की मौत, पिता की हालत गंभीर
अस्पताल प्रशासन ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कराई। सिविल सर्जन डॉ. ललन कुमार ठाकुर ने बताया कि फुटेज में अहम सुराग मिला है। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे एक परिजन को बच्चे को दूध पिलाने के लिए बाहर ले जाते देखा गया, लेकिन उसके वापस लौटने का फुटेज नहीं मिला है। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
उधर, बच्चे की नानी, माता और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अस्पताल प्रशासन से बच्चे को जल्द से जल्द खोज निकालने की गुहार लगा रहे हैं। घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन मामले की तह तक पहुंचने में जुटा हुआ है।