Bihar: अंतिम संस्कार से पहले अर्थी से शव उठाकर पोस्टमार्टम को भेजा, गांव में चर्चा; जानें क्या है मामला
Bihar News: पुलिस को 20 वर्षीय लड़की की संदिग्ध मौत की जानकारी मिली। जांच के दौरान पाया गया कि परिजन अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पढ़िए पूरी खबर....
विस्तार
मधेपुरा जिले में एक युवती की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने अंतिम संस्कार से ठीक पहले शव को अर्थी सहित उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की इलाके में व्यापक चर्चा हो रही है। मामला उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के पिपरा करौती वार्ड संख्या दो का है।
मृतका की पहचान अम्बुज यादव की 20 वर्षीय पुत्री अलका कुमारी के रूप में हुई है। अम्बुज यादव एक सरकारी विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं। परिजनों के अनुसार गुरुवार रात अचानक अलका की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, उदाकिशुनगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल से शव घर लाए जाने के बाद शुक्रवार को परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किसी माध्यम से पुलिस को युवती की संदिग्ध मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के कारण अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोकनी पड़ी।
इस संबंध में उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि संदिग्ध परिस्थिति में मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वहीं शुक्रवार देर शाम एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 13 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे करौती वार्ड दो में अलका कुमारी की संदिग्ध स्थिति में मौत की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 12 फरवरी की देर रात अलका ने उदाकिशुनगंज अनुमंडलीय अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया था। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर उसे मेडिकल कॉलेज या सदर अस्पताल रेफर किया गया था। इसी क्रम में उसकी मौत होने की बात सामने आई है।
पढ़ें: होली पर घर आने का वादा अधूरा: सहरसा में नदी किनारे मिले सिरकटे शव की गुत्थी सुलझी, युवक की हत्या से सनसनी
पुलिस के अनुसार फिलहाल मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। परिजनों ने बताया कि अलका चार बहनों में सबसे छोटी थी और उसका एक भाई है, जो इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा की तैयारी कर रहा है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।