Bihar: मधेपुरा में भ्रष्टाचार पर गिरी गाज! वायरल वीडियो के बाद जमादार सस्पेंड, एसपी की कड़ी कार्रवाई
मधेपुरा में शंकरपुर थाना के जमादार उत्तम कुमार मंडल का घूसखोरी से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी ने तत्काल सख्त कार्रवाई की। वीडियो में जमादार एक व्यक्ति से जप्त किए गए सामान को छुड़ाने के लिए पैसे मांगते और उनके सामने प्लास्टिक व शराब जैसी बोतलें रखी दिख रहे थे।
विस्तार
मधेपुरा में सोशल मीडिया पर घूसखोरी से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में शंकरपुर थाना में पदस्थापित जमादार उत्तम कुमार मंडल एक व्यक्ति से निजी आर्थिक लाभ की बात करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनके सामने प्लास्टिक और शराब जैसी दिखने वाली बोतलें रखी हैं, जबकि वे बेड पर बैठकर जब्त किए गए सामान को छुड़ाने के लिए पैसों की मांग कर रहे हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने के बाद एसपी ने मामले की जांच सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से कराई। जांच रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई कि वीडियो वर्ष 2024 का है और शंकरपुर थाना कांड संख्या 220/24 से जुड़े जप्त सामान को छुड़ाने के लिए अभियुक्त पक्ष से पैसे मांगने की बात सही पाई गई। थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों ने भी वीडियो की अवधि और घटना की परिस्थितियों की पुष्टि की।
ये भी पढ़ें- Bihar: सीएम ने किया पटना डेयरी प्रोजेक्ट का निरीक्षण, दुग्ध समितियों और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के दिए निर्देश
एएसपी की रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि शराब की बोतल जैसी वस्तु के साथ बैठे जमादार की यह हरकत और जप्त सामान के बदले पैसे मांगना गंभीर अनुशासनहीनता और कर्तव्यहीनता का मामला है, जिसने पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संदीप सिंह ने जमादार उत्तम कुमार मंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केन्द्र सिंहेश्वर निर्धारित किया गया है, और इस दौरान उन्हें केवल जीवनयापन भत्ता दिया जाएगा।