सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   youth died in custody people created ruckus SH 91 Supaul Bihar police investigation

Bihar: थाने की हाजत में युवक की मौत! शराब के नशे में पकड़ा गया था बिट्टू, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सुपौल Published by: कोसी ब्यूरो Updated Wed, 10 Jun 2026 07:29 PM IST
विज्ञापन
सार

Bihar: सुपौल के जदिया थाना हाजत में शराब के नशे में गिरफ्तार 25 वर्षीय बिट्टू कुमार का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही है, जबकि परिजनों ने पुलिस पर मारपीट कर हत्या करने और उसे आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। 

youth died in custody people created ruckus SH 91 Supaul Bihar police investigation
एसएच 91 जाम कर प्रदर्शन करते परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

सुपौल के जदिया थाना के हाजत में बुधवार की सुबह शराब के नशे में गिरफ्तार 25 वर्षीय युवक बिट्टू कुमार का कंबल के कपड़े से बने फंदे से लटका शव मिला। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने और उसे आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। नाराज ग्रामीणों व परिजनों ने थाना के मुख्य गेट के सामने एसएच-91 पर शव रखकर जाम कर जमकर हंगामा किया।



पत्नी से विवाद के बाद पहुंचा था थाने
परिजनों के अनुसार, कोरियापट्टी पूर्व पंचायत वार्ड-2 निवासी नंदन यादव का पुत्र बिट्टू कुमार मंगलवार की रात शराब के नशे में अपनी पत्नी काजल देवी से झगड़ रहा था। परिजनों की सूचना पर 112 की पुलिस टीम उसे राजगांव से पकड़कर मंगलवार रात जदिया थाने लाई थी। बुधवार की सुबह करीब 7:30 बजे चौकीदार ने उसे हाजत के भीतर फंदे से लटका देखा। पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जा रही थी, तब परिजनों ने वाहन से शव उतारकर सड़क जाम कर दिया। वे सीसीटीवी फुटेज दिखाने, मुआवजे और दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एसपी शरथ आरएस, त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार और एसडीएम अभिषेक कुमार ने निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर दोपहर बाद जाम खुलवाया।
विज्ञापन
विज्ञापन


तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह
हाजत में हुई बिट्टू की मौत के बाद राजगांव वार्ड-2 में कोहराम मच गया। मृतक बिट्टू कुमार (25 वर्ष) ने तीन साल पहले गांव की ही एक लड़की से प्रेम विवाह किया था। वह अपने पीछे डेढ़ साल की मासूम बेटी और पत्नी काजल देवी को छोड़ गया है। जिस परिवार ने घर के कलह को शांत करने के लिए पुलिस हेल्पलाइन 112 को फोन किया था, उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह कदम बिट्टू की जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।
विज्ञापन


सुबह तक सामान्य था, फिर मिली मौत की खबर
इधर, पुलिस सूत्रों के अनुसार, रात को हाजत में बंद किए जाने के बाद बिट्टू सुबह तक बिल्कुल सही-सलामत था। सुबह करीब साढ़े सात बजे उसने हाजत में बिछाने के लिए दिए गए कंबल से कपड़े की रस्सी निकाली, उसका फंदा बनाया और गले में डालकर लटक गया। ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की नजर जैसे ही फंदे पर झूलते शव पर पड़ी, उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया। थाने के भीतर युवक की मौत की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए त्रिवेणीगंज, छातापुर और राजेश्वरी सहित कई थानों की पुलिस फोर्स को जदिया थाना बुलाया गया।

गश्ती वाहन से शव उतारकर किया सड़क जाम
जदिया पुलिस जब शव को गश्ती वाहन पर लादकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रही थी, तभी परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने थाना गेट पर ही पुलिस वाहन को घेर लिया और शव को नीचे उतारकर एसएच-91 पर रख दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों का आरोप है कि बिट्टू की मौत हाजत में पुलिस की बेरहम पिटाई के कारण हुई है और खुद को बचाने के लिए पुलिस इसे आत्महत्या का रूप दे रही है। परिजन हाजत का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। आक्रोशित लोगों ने सुबह 10 बजे से दोपहर करीब 1 बजे तक एसएच-91 और थाना गेट को जाम कर प्रदर्शन किया।

एसपी ने संभाला मोर्चा, मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
मामला बिगड़ता देख एसपी शरथ आरएस स्वयं जदिया थाना पहुंचे। उनके साथ त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार, एसडीएम अभिषेक कुमार, सीओ प्रियंका सिंह और कई थाना अध्यक्षों ने मोर्चा संभाला। एसपी ने परिजनों के साथ लंबी वार्ता कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, जिसके बाद दोपहर में जाम समाप्त हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मृतक बिट्टू कुमार आदतन शराब का सेवन करता था और नशे की हालत में अक्सर हंगामा करता था। इससे पहले भी उसे 23 दिसंबर 2025 और 24 अप्रैल 2026 को शराब के नशे में उपद्रव करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। मृतक टेंट में साउंड ऑपरेटर का कार्य करता था।

ये भी पढ़ें: कोसी में मौत का मंजर! नाव डूबने के घंटों बाद SDRF को मिली पहली सफलता, एक महिला का शव बरामद


सीसीटीवी फुटेज और जांच रिपोर्ट पर टिकी नजर
इधर, एसपी शरथ आरएस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक हाजत के अंदर फंदे से लटका मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच शुरू करा दी गई है। हाजत का सीसीटीवी फुटेज पूरी तरह सुरक्षित है। पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया जाएगा। जांच में जो भी पुलिस अधिकारी या कर्मी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed