Bihar News: लखीसराय में बाढ़ पीड़ितों का हंगामा, सहायता राशि नहीं मिलने पर मुख्य सड़क किया जाम; नारेबाजी
Bihar: पीड़ितों ने आरोप लगाया कि वे लगातार प्रखंड कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं। राहत राशि वितरण में भारी लापरवाही बरती जा रही है, जिससे बाढ़ प्रभावित परिवारों की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है।

विस्तार
लखीसराय सदर प्रखंड क्षेत्र के साबिकपुर, अमहरा, रेहुआ समेत कई गांवों के बाढ़ पीड़ितों ने सोमवार को प्रखंड कार्यालय के पास मुख्य सड़क जाम कर दिया। राहत राशि नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। ग्रामीणों का कहना था कि इस वर्ष आई बाढ़ ने उनके जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। खेतों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं, कई घर पानी में डूब गए और लोगों को विस्थापित होकर शरण लेनी पड़ी। इसके बावजूद अब तक सरकारी मदद नहीं मिल पाई है।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि वे लगातार प्रखंड कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं। राहत राशि वितरण में भारी लापरवाही बरती जा रही है, जिससे बाढ़ प्रभावित परिवारों की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सभी परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध नहीं कराई गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
पढ़ें: 'नीतीश कुमार ही बनेंगे मुख्यमंत्री', सांसद राजीव प्रताप रूडी बोले; तेजस्वी और राहुल गांधी पर कसा तंज
सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सूची के आधार पर सभी योग्य बाढ़ पीड़ितों को जल्द ही सहायता राशि दी जाएगी। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और यातायात बहाल हो सका।