Bihar Crime: खगड़िया में भाई ने भाई को कुल्हाड़ी से काट डाला, शव बागमती नदी में फेंका; दहल उठा इलाका
बिहार के खगड़िया में पारिवारिक विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। शव को कपड़े में लपेटकर पत्थर बांध बागमती नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव बरामद कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र स्थित भुतौली मालपा गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने मिलकर उसे कपड़े में लपेटा, पत्थर बांधा और बागमती नदी में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 15 मई की रात की है। मृतक सुदर्शन कुमार उर्फ गोलू अपनी मां से रुपये मांग रहा था। इसी दौरान छोटे भाई सौरभ कुमार ने इसका विरोध किया। बात बढ़ते-बढ़ते दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गुस्से में सौरभ ने बड़े भाई के गर्दन और सिर के पीछे कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव को छिपाने की साजिश रची गई। परिजनों, कुछ ग्रामीणों और एक ग्रामीण चिकित्सक की मदद से शव को कपड़े में लपेटकर उस पर पत्थर बांधा गया और बागमती नदी में फेंक दिया गया, ताकि मामला दबाया जा सके।
रविवार सुबह करीब 4 बजे चौथम थाना पुलिस को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और जांच शुरू की। जांच में मामला सही पाए जाने पर मृतक की मां के फर्दबयान पर चौथम थाना कांड संख्या 159/26 दर्ज किया गया।
पढे़ं: सहरसा में दर्दनाक हादसा: कोसी नदी में डूबने से दो बच्चियों की मौत, सूचना के दो घंटे बाद भी नहीं पहुंची SDRF
एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर मामले में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर स्थानीय गोताखोरों की मदद से बागमती नदी से शव बरामद किया गया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेजा गया है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश रंजन उर्फ मंटुन चौरसिया, माधव चौरसिया, अमन कुमार, वकील चौरसिया, धर्मेश चौरसिया, देवानंद ठाकुर, राजीव कुमार रौशन और शंभु चौरसिया शामिल हैं। सभी आरोपी भुतौली मालपा गांव, थाना चौथम, जिला खगड़िया के निवासी हैं।