Bihar Crime: पैसों के विवाद में सास की पीट-पीटकर हत्या, बड़ी बहू और बेटे आरोपी; शिकायत के बाद घर लौटीं थीं
मुंगेर के लोहची गांव में पैसों के विवाद में बड़ी बहू और उसके बेटों पर 65 वर्षीय उर्मिला देवी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप है। शिकायत के बाद घर लौटने पर वारदात हुई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत लोहची गांव में पैसों के विवाद ने भयावह रूप ले लिया। बड़ी बहू और उसके बेटों पर वृद्ध सास की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। घटना रविवार देर शाम शामपुर थाना क्षेत्र में हुई।
जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय उर्मिला देवी अपने छोटे बेटे और बहू के साथ गांव में रहती थीं, जबकि उनके बड़े बेटे राजीव यादव और रंजीत यादव दिल्ली में काम करते हैं। आरोप है कि बड़ी बहू लाली देवी का उर्मिला देवी से पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था और वह उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती थी।
पढे़ं; जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो गुटों के बीच फायरिंग में दो लोग घायल; पुलिस मौके पर पहुंची
रविवार दिन में हुए विवाद के बाद उर्मिला देवी शामपुर थाना पहुंचीं और अपनी जान को खतरा बताते हुए शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस ने उन्हें मोबाइल नंबर देकर घर भेज दिया। घर लौटने के बाद बड़ी बहू लाली देवी, उसके पुत्र सचिन और अमरेश ने कथित रूप से शिकायत से नाराज होकर उर्मिला देवी पर हमला कर दिया। तीनों ने मिलकर बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई छोटी बहू को भी धमकाकर भगा दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर भेज दिया। थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लाली देवी और अमरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।