Bihar: गैस सिलिंडर नहीं मिलने पर फूटा लोगों का गुस्सा, एजेंसी में घंटों हंगामा; बुकिंग के बावजूद नहीं मिला
मुंगेर के कोड़ा मैदान स्थित भागवत गैस एजेंसी में गैस सिलिंडर नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने समय पर वितरण नहीं होने, कर्मचारियों द्वारा सही जानकारी नहीं देने और लगातार चक्कर लगवाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुंगेर शहर के कोड़ा मैदान स्थित भागवत गैस एजेंसी में गुरुवार को गैस सिलिंडर नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने एजेंसी परिसर में जमकर हंगामा किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर मौजूद पुलिस स्थिति को संभालने के बजाय मूकदर्शक बनी रही।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग और पुर्जा कटाने के बावजूद समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि वे कई दिनों से लगातार एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें इंतजार करने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता है। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी के कर्मचारी गैस सिलिंडर की उपलब्धता और वितरण को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं देते हैं। इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
पढ़ें: वित्तीय अनियमितता के कारण पंचायत सचिव की सेवा समाप्त; कहां-क्या हुआ?
महिलाओं ने बताया कि घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। गैस खत्म होने के कारण परिवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन एजेंसी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नियमित गैस वितरण शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी कार्यालय के बाहर जमा होकर जवाब मांगने लगे। काफी देर तक एजेंसी परिसर में अफरातफरी और हंगामे का माहौल बना रहा। बाद में स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर एजेंसी की कार्यशैली पर कार्रवाई करने और नियमित गैस वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।