Bihar: प्यार, धोखा और मौत... प्रेमी ने गर्भवती प्रेमिका को उतारा मौत के घाट, फिर खुद ही पुलिस को किया फोन
Bihar: बिहार के वैशाली जिले में एक गर्भवती महिला की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मृतका राधा कुमारी की गला दबाकर हत्या उसके ही देवर साहिल पटेल ने की, जिससे उसका प्रेम संबंध था। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जांच में सच्चाई सामने आने लगी है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
विस्तार
बिहार के वैशाली जिले में एक चौंकाने वाली हत्या का मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक रिश्तों के बीच छिपे प्रेम संबंध ने एक गर्भवती महिला की जान ले ली। यह मामला बेलसर थाना क्षेत्र के मौना बिसनपुर गांव का है। यहां रहने वाली 26 वर्षीय राधा कुमारी, जो तीन महीने की गर्भवती थी, की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस वारदात को अंजाम किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही देवर साहिल पटेल ने दिया।
आरोपी और मृतका के बीच था प्रेम संबंध
बताया जा रहा है कि राधा कुमारी और साहिल पटेल के बीच पहले से प्रेम संबंध था। इस संबंध को लेकर पहले भी परिवार और समाज में विवाद हुआ था, लेकिन बाद में मामला सुलझा लिया गया था और सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था। हालांकि, अंदर ही अंदर यह रिश्ता जारी रहा, जो अंततः इस खौफनाक घटना में बदल गया।
आरोपी ने ऐसे घटना को दिया अंजाम
घटना के दिन राधा कुमारी घर में अकेली थी। इसी दौरान साहिल पटेल वहां पहुंचा और मौका पाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए एक चौंकाने वाला कदम उठाया। उसने सीधे सदर-2 डीएसपी को फोन कर झूठी सूचना दी कि महिला की हत्या उसके ससुराल वालों ने की है, ताकि शक परिवार के अन्य लोगों पर चला जाए।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
पुलिस को जब घटना की सूचना मिली तो वह तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जांच के दौरान जब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी गईं, तो शक धीरे-धीरे देवर साहिल पटेल पर गहराता चला गया।
सात साल पहले हुई थी मृतका की शादी
मृतका राधा कुमारी की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। उसका पति दूसरे राज्य में रहकर मजदूरी करता है और उसी से परिवार का भरण-पोषण होता था। राधा के दो छोटे बच्चे—एक बेटा और एक बेटी भी हैं, जो अब मां के साये से वंचित हो गए हैं। उसका मायका मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र में है। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी साहिल पटेल का घर मृतका के घर से महज 100 मीटर की दूरी पर है, जिससे उसका आना-जाना आसान था। यही नजदीकी इस रिश्ते को आगे बढ़ाने का कारण भी बनी।
ये भी पढ़ें: जहां न्याय मिलना था, वहीं चल रहा था सौदा, मुंशी बना दलाल, निगरानी ने किया गिरफ्तार
आरोपी की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे सिर्फ प्रेम संबंध ही वजह था या इसके पीछे कोई और कारण भी छिपा है। साथ ही, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.