Bihar News: साली की शादी में आया था खुशियां बांटने, माइक ठीक करते समय जीजा को लगा करंट; चली गई जान
वैशाली के मालपुर गांव में शिवचर्चा के दौरान माइक ठीक करते समय करंट लगने से 31 वर्षीय युवक राजेश कुमार की मौत हो गई। वह साली की शादी में शामिल होने ससुराल आया था। घटना से शादी का घर मातम में बदल गया।
विस्तार
वैशाली जिले के मालपुर गांव में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पातेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मालपुर गांव निवासी मनोज चौधरी की पुत्री की शादी की तैयारी चल रही थी। 11 मार्च को बारात आने वाली थी, जिसके पहले घर में शिवचर्चा का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रिश्तेदार भी जुटे हुए थे।
इसी दौरान कार्यक्रम में उपयोग किया जा रहा माइक खराब हो गया। माइक ठीक करने के दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए ताजपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया। परिजन घायल युवक को पटना लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में बरडीहा के पास उसकी मौत हो गई। इसके बाद लोग शव को लेकर वापस घर लौट आए और घटना की सूचना पुलिस को दी।
पढे़ं: मघड़ा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, मां शीतला के दरबार में तीन दिवसीय शीतलाष्टमी मेला आज से; जानें
मृतक की पहचान शेरपुर बहोरी गांव निवासी रमेश चौधरी के 31 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपनी साली की शादी में शामिल होने के लिए ससुराल आया हुआ था। घर में खुशियों का माहौल था, जो अचानक मातम में बदल गया। घटना की सूचना मिलने पर पातेपुर थानाध्यक्ष रौशन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।