बिहार में नेपाली नागरिकों के फर्जी आधार बनाने का खेल उजागर: बैंक से लोन निकलवाने की भी जांच; हिरासत में तीन
पूर्वी चंपारण के कुंडवा चैनपुर में पुलिस ने सीएसपी की आड़ में नेपाली नागरिकों के फर्जी आधार कार्ड बनाने के मामले का खुलासा किया है। छापेमारी में लैपटॉप, फिंगर और आई स्कैनर समेत कई डिजिटल उपकरण बरामद हुए हैं।
विस्तार
पूर्वी चंपारण जिले के कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र में नेपाली नागरिकों के फर्जी आधार कार्ड बनाने और उनके आधार पर बैंक से लोन निकलवाने के खेल का पुलिस ने खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुंडवा चैनपुर स्थित ग्रामीण बैंक के समीप संचालित सेंट्रल बैंक के सीएसपी पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक स्थानीय व्यक्ति समेत दो नेपाली नागरिकों को अभिरक्षा में लिया है। मौके से बड़ी संख्या में डिजिटल उपकरण और फर्जी आधार कार्ड से जुड़े कागजात बरामद किए गए हैं।
सीएसपी की आड़ में फर्जी आधार बनाने की सूचना
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि सीएसपी की आड़ में नेपाली नागरिकों के फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने सीएसपी पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक लैपटॉप, एक फिंगर स्कैनर, एक आई स्कैनर, दो अन्य फिंगर स्कैनर और एक कैमरा बरामद किया। बरामद उपकरणों को पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।
स्थानीय व्यक्ति समेत दो नेपाली नागरिक हिरासत में
मौके से कुंडवा चैनपुर निवासी मनीष कुमार (32), पिता उपेंद्र प्रसाद सिंह को अभिरक्षा में लिया गया। उसके साथ नेपाल के रौतहट जिले के महुलिया थाना क्षेत्र स्थित मठिया गांव की शिवझाड़ी, पति रामचंद्र राम और फुला देवी, पति हुलास राम को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
ये भी पढ़ें- बिहार: गयाजी में पिंडदान के बीच सेवा की मिसाल, पंजाब के सेवादारों का लंगर; रोज पांच हजार श्रद्धालुओं को भोजन
कितने फर्जी आधार बने, लोन निकला या नहीं
अब पुलिस की जांच का दायरा सीएसपी से आगे बढ़ सकता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितने नेपाली नागरिकों के फर्जी आधार कार्ड तैयार किए गए, इन दस्तावेजों का इस्तेमाल किन कामों में हुआ और क्या इनके जरिए वास्तव में बैंक से लोन निकाला गया। बरामद लैपटॉप और स्कैनिंग उपकरणों की जांच से इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी सुराग मिलने की संभावना है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले का सत्यापन कर रही है।