Bihar News: पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात, अवैध हथियारों के साथ युवक गिरफ्तार
पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई। गुप्त सूचना पर एनएच-727 स्थित कोऑपरेटिव बैंक के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया, जहां पुलिस ने संदिग्ध युवक विकास साह को गिरफ्तार किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से गुरुवार को एक संभावित बड़ी आपराधिक वारदात टल गई। गुप्त सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-727 (NH-727) स्थित कोऑपरेटिव बैंक के समीप चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, एक अमेरिकी चाकू तथा घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियारों के साथ इलाके में घूम रहा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-727 स्थित कोऑपरेटिव बैंक के पास घेराबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और अपनी बाइक छोड़कर भागने लगा। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया।
तलाशी में बरामद हुए हथियार
पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान सिरिसिया थाना क्षेत्र के मोतीपुर निवासी 30 वर्षीय विकास साह के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और एक अमेरिकी चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने सभी बरामद सामान को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विकास साह लौरिया किस उद्देश्य से आया था, उसका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं और बरामद हथियार उसे कहां से मिले। इसके साथ ही उसके संभावित सहयोगियों की भी तलाश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस गिरफ्तारी से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।