{"_id":"6985b7cc10de0bb0a60a5f28","slug":"muzaffarpur-bihar-news-clash-between-villagers-and-policemen-massive-uproar-people-blocked-the-road-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1376-3921456-2026-02-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"DJ जांच से भड़का विवाद: पुलिस लाठीचार्ज में सरपंच का सिर फूटने का दावा, झड़प के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
DJ जांच से भड़का विवाद: पुलिस लाठीचार्ज में सरपंच का सिर फूटने का दावा, झड़प के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Fri, 06 Feb 2026 03:55 PM IST
विज्ञापन
सार
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में डीजे जांच के दौरान पुलिस और ग्रामीणों में झड़प के बाद बवाल हुआ। इस घटना में सरपंच सहित कई लोग घायल हो गए, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस और ग्रामीणों के झड़प के बाद बवाल
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव इलाके में बुधवार को उस समय तनाव फैल गया, जब डीजे बाजा की जांच के दौरान डीजे संचालक और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, जांच के दौरान कहासुनी बढ़ी और स्थिति नियंत्रण से बाहर होती चली गई।
Trending Videos
मारपीट के आरोप और बढ़ता आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि विवाद के बाद पुलिसकर्मियों ने डीजे संचालक की पिटाई कर दी, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और विरोध शुरू कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
घटना को शांत कराने पहुंचे स्थानीय सरपंच के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। बताया गया कि लाठीचार्ज के दौरान सरपंच के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि कई अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पढ़ें- Bihar Crime: ड्यूटी पर तैनात सिपाही को चाकू से गोदा, हालत गंभीर; रेलवे स्टेशन के बाहर अचानक हुआ हमला
सड़क जाम और आगजनी से बिगड़ी स्थिति
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और आगजनी शुरू कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर उन्होंने प्रदर्शन तेज कर दिया। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि इस दौरान पुलिस द्वारा कई राउंड फायरिंग की गई, जिससे भय और तनाव का माहौल और बढ़ गया।
पुलिस ने क्या बताया?
मामले की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है, घायलों का इलाज कराया जा रहा है और सड़क जाम हटवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
