Bihar News: दिनदहाड़े गोलीबारी में एक शख्स घायल, अस्पताल में किया गया भर्ती; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस जांच में जुटी हुई है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कांटी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के पास की बताई जा रही है। गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
गोली लगने से घायल युवक की पहचान 35 वर्षीय विजेंद्र कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली लगते ही विजेंद्र सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घायल को आनन-फानन में बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमृतांशु प्रांजल ने बताया कि गोली लगने से युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम मरीज को स्थिर करने के प्रयास में लगी है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Union Budget: पांच साल में 20 नए जल मार्ग, पटना-वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधा, हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का एलान
आरोपी बाइक से फरार हो गए
घटना को लेकर घायल के बड़े भाई अजेंद्र कुमार ने बताया कि चौक के पास कुछ लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। तभी एक युवक ने कमर से हथियार निकालकर विजेंद्र पर गोली चला दी और आरोपी बाइक से फरार हो गए।
मामले पर सीडीपीओ वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने बताया कि कांटी थाना क्षेत्र के फतेहपुर के पास एक युवक को गोली मारी गई है। घटना स्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

गोलीबारी में घायल

घायल का इलाज जारी।
