Bihar News: छठ पूजा का सामान लेने बाजार गया था राजमिस्त्री, बेलगाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत
Bihar News: मुजफ्फरपुर के एक परिवार की छठ की खुशियां उस वक्त गम में बदल गई जब पूजा का सामान लेकर घर लौट रहे व्यक्ति की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के मोरसंडी कोदरिया में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक छठ पूजा को लेकर सामान खरीदने के बाद साइकिल से अपने घर आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना में घायल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद ट्रैक्टर का चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक की पहचान दिनेश राम (उम्र 53 वर्ष), निवासी मोरसंडी, मोतीपुर के रूप में की गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मृतका की पत्नी ने क्या कहा?
घटना को लेकर मृतक की पत्नी मीना देवी ने बताया कि वह छठ व्रत रखी हुई हैं। उनके पति बाजार से पर्व का सामान लेने के लिए शाम को साइकिल से निकले थे। घर लौटने के दौरान ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर का चालक भाग गया। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। वह घर का सामान लेकर वापस आ रहे थे, तभी यह घटना हुई।
ये भी पढ़ें: बिहार में आपसी वर्चस्व को लेकर दो पक्ष भिड़े, जमकर हुई रोड़ेबाजी; कई घायल
पुलिस ने क्या बताया?
पूरे मामले में मोतीपुर थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि देर शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है।