पटना के होटलों का हाल: कहीं एक फ्रिज में वेज और नॉनवेज साथ तो कहीं गंदगी से हाल बुरा; सर्टिफिकेट फेल
Bihar News : बिहार की राजधानी पटना में होटल और रेस्तरां के अंदर जांच का सिलसिला तेजी से चल रहा है। इस क्रम में जो तस्वीरें सामने आ रहीं, वह हैरान भी कर रहीं और डरा भी रहीं। सावधान रहने के लिए इसे जरूर पढ़ें।
विस्तार
पटना में खाद्य संरक्षा विभाग ने गुरुवार को कई होटल, कैफे और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनीसाबाद स्थित होटल पाटलिपुत्र कॉन्टिनेंटल में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही फ्रिज में रखे मिले। वहीं, फुलवारीशरीफ के होटल द रॉयल बिहार में 2,774 रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कर दी गई। विभाग की टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के नमूने भी संग्रहित किए और कई जगह साफ-सफाई व खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए।
कई प्रतिष्ठानों में मिलीं अनियमितताएं
खाद्य संरक्षा विभाग के अनुसार, कैफे 7 गार्डन (प्राइड विहार स्नैक्स), एम्स गोलंबर, फुलवारीशरीफ के निरीक्षण के दौरान चना दाल और हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। यहां एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण, पानी की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण से जुड़े दस्तावेज, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र और फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन (FoSTaC) के प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने की व्यवस्था में भी कमी पाई गई। इसके अलावा, खाद्य सामग्री के भंडारण में एफईएफओ और एफआईएफओ प्रणाली का पालन नहीं किया जा रहा था।
होटल द रॉयल बिहार में 2774 रुपये की सामग्री नष्ट
वाल्मी, फुलवारीशरीफ स्थित होटल द रॉयल बिहार में निरीक्षण के दौरान आलू दम, येलो ग्रेवी, दाल मखनी और मैंगो जूस को जब्त कर नष्ट किया गया। विभाग के मुताबिक, जब्त सामग्री में 1.8 किलोग्राम आलू दम की कीमत 400 रुपये, पांच किलोग्राम येलो ग्रेवी की कीमत 1,250 रुपये, दो किलोग्राम दाल मखनी की कीमत 800 रुपये और तीन लीटर रियल फ्रूट मैंगो जूस की कीमत 324 रुपये दर्ज की गई। इनकी कुल कीमत 2,774 रुपये है। इसके अलावा, किशमिश, बादाम और पनीर के नमूने भी जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
होटल पाटलिपुत्र कॉन्टिनेंटल में एक फ्रिज में रखे मिले वेज-नॉनवेज
अनीसाबाद बाइपास क्रॉसिंग के पास स्थित होटल पाटलिपुत्र कॉन्टिनेंटल के निरीक्षण में खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की अनुसूची-4 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। यहां शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही फ्रिज में रखे मिले। एम्स गोलंबर के पास कोरजी स्थित द आर्च रेस्टोरेंट के किचन की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। यहां साफ-सफाई और ड्रेनेज की व्यवस्था में कमी के साथ पानी की जांच रिपोर्ट और कीट नियंत्रण संबंधी रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी। खाद्य सामग्री के भंडारण में एफआईएफओ और एफईएफओ प्रणाली का पालन नहीं किया जा रहा था। किचन में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले।
बोरिंग रोड और फुलवारीशरीफ में भी छापेमारी
बोरिंग रोड के एसके पुरी स्थित मेसर्स घरौंदा (आशियाना मेन्यूसर्व प्राइवेट लिमिटेड) के निरीक्षण में ड्रेनेज सिस्टम, डस्टबिन, पानी की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण संबंधी दस्तावेज और कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र नहीं मिले। कर्मचारियों के पास एप्रन और दस्ताने भी उपलब्ध नहीं थे। विभाग ने यहां नमकीन एक किलोग्राम, पानी पूरी पैलेट एक किलोग्राम, कोकोनट पाउडर 500 ग्राम और एवरेस्ट सांभर मसाला 50 ग्राम जब्त कर नष्ट किया। प्रतिष्ठान को 14 दिन का सुधार नोटिस दिया गया। वहीं, विशाल नगर स्थित होटल जी डायमंड, एम्स गेट नंबर-1, फुलवारीशरीफ के संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने के लिए नोटिस जारी किया गया। गणपति फूड प्लाजा काठी नेशन, एम्स गेट नंबर-1 के संचालक को भी साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील
खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण करने और शाकाहारी व मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की अपील की है। विभाग ने खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध रखने और निर्धारित प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। विभाग के अनुसार, आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।