Bihar Election : पीएम मोदी पटना में रोड शो कर रहे, इस बार सीएम नीतीश कुमार नहीं साथ; देखें अपडेट
PM Modi Road Show : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के चार दिन पहले पीएम मोदी बिहार आए तो जनसभाओं में महागठबंधन को जमकर लताड़ा। अब वह पटना में रोड शो कर रहे हैं। पीएम मोदी के रोड शो में इस बार सीएम नीतीश कुमार नहीं हैं।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पटना में रोड शो शुरू हो चुका है। रोड शो को लेकर दोपहर से ही भीड़ जुटने लगी थी। लोगों में पीएम के रोड शो का उत्साह देखा जा रहा है। लोग अपने घरों की बालकनी, छत से पीएम मोदी की आरती उतारते नजर आए। पटना में जिधर से पीएम मोदी का रोड शो गुजरा, हर तरफ भारी भीड़ बैरिकेडिंग के दूसरी तरफ नजर आई। इस बार रोड शो में पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं नजर आए। जदयू कोटे से केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह उनकी जगह पीएम मोदी के साथ दिखे। दूसरी तरफ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल नजर आए। इनके अलावा, पटना की विभिन्न सीटों के भाजपा प्रत्याशी रोड शो में उनके साथ दिखे।
इससे पहले उन्होंने नवादा और आरा में जनसभा को संबोधित किया। वहां पर महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। पीएम ने एनडीए प्रत्याशियों के लिए वोट देने की अपील की। पीएम आज गुरुद्वारा भी जाएंगे। इसके बाद तीन नवंबर को पीएम कटिहार में जनसभा करेंगे। पटना में पीएम का 2.8 किलोमीटर का रोड शो है।
दिनकर गोलंबर से शुरू हुआ रोड शो
पीएम का रोड शो दिनकर गोलंबर से शुरू हुआ। वहां से नाला रोड, ठाकुरबाड़ी रोड, बारी पथ, बाकरगंज के रास्ते उद्योग भवन तक प्रधानमंत्री जा रहे हैं। रोड शो का समय शाम चार बजे से निर्धारित था, लेकिन यह करीब डेढ़ घंटे देर से शुरू हुआ। रोड शो के लिए 10 स्वागत स्टॉल बनाए गए। रोड शो के दौरान हर तरफ दीपावली की तरह जगमग रोशनी से सजावट की गई थी। हजारों लोग पूरे रास्ते मोदी-मोदी के नारे लगाते रहे। पीएम के ऊपर फूलों की बारिश होती रही।
10 जगहों पर ढोल नगाड़ों और पारंपरिक सांस्कूतिक कार्यक्रमों के साथ पीएम का स्वागत किया गया। कार्यक्रम की जिम्मेदारी बांकीपुर विधानसभा के प्रत्याशी और वर्तमान विधायक नितिन नवीन को सौंपी गई थी। रोड शो के दौरान महिलाएं सामा-चकेवा जैसी बिहारी संस्कृति दिखाती हुई पीएम मोदी के सामने नजर आईं। जिसे, जहां मौका मिल रहा था; वहीं से पीएम मोदी की आरती उतारती महिलाएं नजर आईं। पीएम मोदी पूरे रास्ते लगातार लोगों का अभिवादन करते दिखे।
जिला प्रशासन और पुलिस टीम ने भी अपनी तैयारी पूरी कर रखी थी। रूट को क्लियर रखने और भीड़ नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में जिला पुलिस बल और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। बताया जा रहा है कि करीब 2000 से अधिक अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई। इधर, ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कदमकुआं से दरियापुर जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। रूट से अधिक रास्ते बंद किए जाने के कारण लोगों को आम आवाजाही में परेशानी का सामना भी करना पड़ा।