Bihar News: सरकारी अस्पतालों में नहीं चलेगी लापरवाही, स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों को दिया अल्टीमेटम
स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने अरवल, भोजपुर, लखीसराय और सहरसा के अस्पतालों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि बिना स्वीकृत अवकाश के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों के खिलाफ निलंबन सहित विभागीय कार्रवाई की जाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार सरकार ने सरकारी अस्पतालों में ड्यूटी के दौरान लापरवाही और निजी प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के समय अनुपस्थित रहने या मरीजों को निजी अस्पतालों की ओर भेजने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चार जिलों के अस्पतालों की हुई समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने गुरुवार को कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अरवल, भोजपुर, लखीसराय और सहरसा जिले के सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। बैठक में ड्यूटी रोस्टर, सर्जरी सेवाएं, भव्या (BHAVYA) पोर्टल पर स्वास्थ्य सेवाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि और रेफरल व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित जिलों के सिविल सर्जनों और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
रोस्टर ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
स्वास्थ्य सचिव ने सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिया कि अस्पतालों में रोस्टर ड्यूटी का पालन पूरी सख्ती से कराया जाए। यदि कोई डॉक्टर बिना स्वीकृत अवकाश के ड्यूटी से अनुपस्थित पाया जाता है तो इसकी तत्काल सूचना विभाग को दी जाए। ऐसे मामलों में निलंबन सहित विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
निजी अस्पताल भेजने और प्राइवेट प्रैक्टिस पर सख्त चेतावनी
बैठक में सचिव ने कहा कि यदि जांच में किसी डॉक्टर की मरीजों को अनावश्यक रूप से निजी अस्पताल भेजने में भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी ड्यूटी के दौरान निजी प्रैक्टिस किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कोई चिकित्सक ड्यूटी के समय निजी प्रैक्टिस करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय है।
अच्छा काम करने वालों को मिलेगा सम्मान
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि विभाग केवल कार्रवाई ही नहीं करेगा, बल्कि बेहतर कार्य करने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को प्रोत्साहित और सम्मानित भी किया जाएगा। इससे सरकारी अस्पतालों में बेहतर कार्य संस्कृति विकसित होगी।
भोजपुर मॉडल की हुई सराहना
जिलावार समीक्षा के दौरान भोजपुर सदर अस्पताल की व्यवस्था की स्वास्थ्य सचिव ने सराहना की। उन्होंने कहा कि वहां सिविल सर्जन द्वारा ड्यूटी रोस्टर की नियमित निगरानी की जा रही है और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने अन्य जिलों को भी इस मॉडल को अपनाने का निर्देश दिया।
24×7 इमरजेंसी सेवाएं मजबूत करने के निर्देश
बैठक में सभी जिलों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से अधिक से अधिक सर्जरी कराने और 24×7 इमरजेंसी सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।