Bihar News: कोर्ट जा रहे मुंशी का शव संदिग्ध हालात में पइन से बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, सड़क जाम
Bihar News: बाढ़ अनुमंडल के सकसोहरा थाना क्षेत्र में कोर्ट जा रहे एक मुंशी का शव सड़क किनारे पइन से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने कपड़े फटे होने के आधार पर हत्या की आशंका जताई और सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
विस्तार
बाढ़ अनुमंडल के सकसोहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकसोहरा-सरमेरा मुख्य मार्ग पर देवसपुरा गांव के समीप मंगलवार सुबह एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंदोली गांव निवासी सरवन कुमार के रूप में हुई है, जो बाढ़ व्यवहार न्यायालय में मुंशी के पद पर कार्यरत थे।
लोगों ने पुलिस को दी जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरवन कुमार अपने घर से साइकिल से ड्यूटी के लिए कोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान देवसपुरा गांव के पास सड़क किनारे स्थित पइन (पानी भरे गड्ढे) में उनका शव और साइकिल बरामद हुई। राहगीरों ने जब पइन में शव देखा तो इसकी सूचना स्थानीय लोगों और परिजनों को दी।
परिजनों ने सकसोहरा-सरमेरा मुख्य मार्ग को किया जाम
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि मृतक के कपड़े फटे हुए थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। उनका कहना है कि सरवन कुमार की हत्या कर शव को पइन में फेंक दिया गया है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सकसोहरा-सरमेरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में पुलिसकर्मी पर हमला, बेला थाना मुंशी को लगी गोली, कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों के संबंध में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।