Bihar News: घर घुसकर महिला की हत्या; अपराधी ने किसी और पर गोली चलाई थी; पति ने बताया किसने रची थी साजिश?
Katihar Crime News: इस वारदात के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रहे हैं। एसपी शिखर चौधरी ने कहा कि पुलिस संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर मामले को सुलझाने में जुटी है।
विस्तार
कटिहार के बरारी थाना क्षेत्र के मोहना चांदपुर गांव में अपराधियों ने घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी। महिला की पहचान एहतेशाम हुसैन की पत्नी शरीफा खातून के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, अपराधी उनके पति एहतेशाम हुसैन को निशाना बनाने आए थे, लेकिन अंधेरे में पहचान की चूक के कारण वारदात की शिकार उनकी पत्नी हो गई। घटना के वक्त पति-पत्नी अलग-अलग कमरे में सो रहे थे। अपराधी घर में घुसे और बिस्तर पर सो रही शरीफ़ा खातून को ही एहतेशाम समझ कर गोली चला दी। गोली लगते ही उनकी मौत मौके पर ही हो गई। शोर शराबा और विरोध बढ़ने पर अपराधी पिस्तौल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
पति ने बताया किसने रची साजिश
इधर, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने घटना स्थल से हथियार बरामद कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के पति एहतेशाम हुसैन ने इस घटना को साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि पहले भी पारिवारिक विवाद को लेकर उन्हें एक पुराने मामले में फंसाया गया था। एहतेशाम का आरोप है कि उनकी साली और साढू ने रंजिश के तहत इस हमले की साजिश रची हो सकती है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

कटिहार एसपी बोले- आपसी रंजिश का मामला लग रहा
एसपी शिखर चौधरी ने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। एफएसएल की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और बरामद पिस्टल को भी जांच के लिए भेजा जाएगा। एसपी ने कहा कि प्रथम दृश्य मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। लेकिन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं कांग्रेस नेता तौकीर आलम ने कहा कि यह बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।