{"_id":"6a525a39fdd4906347021e57","slug":"dead-body-youth-abducted-patna-found-roadside-of-four-lane-highway-patna-news-c-1-1-noi1474-4491370-2026-07-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: पटना से अगवा, फोरलेन किनारे मिला शव, बंटी यादव हत्याकांड में पुलिस पर उठे सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: पटना से अगवा, फोरलेन किनारे मिला शव, बंटी यादव हत्याकांड में पुलिस पर उठे सवाल
Sat, 11 Jul 2026 10:30 PM IST
पटना ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना / बाढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना / बाढ़
Published by: पटना ब्यूरो
Updated Sat, 11 Jul 2026 10:30 PM IST
सार
पटना से 6 जुलाई को अगवा किए गए बंटी यादव का शव अथमलगोला थाना क्षेत्र में मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन के किनारे करजान गांव के पास गड्ढे से बरामद हुआ। अपराधियों ने हत्या के बाद शव को मिट्टी से ढककर छिपाने की कोशिश की थी।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पटना से अगवा किए गए युवक बंटी यादव का शव अथमलगोला थाना क्षेत्र में मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन के किनारे करजान गांव के पास बरामद होने से सनसनी फैल गई। अपराधियों ने हत्या के बाद शव को एक छोटे गड्ढे में मिट्टी से ढककर छिपाने की कोशिश की थी। शाम करीब पांच बजे शव डीकंपोज अवस्था में मिलने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
विज्ञापन
6 जुलाई को पटना जंक्शन के पास से हुआ था अपहरण
परिजनों के मुताबिक, बंटी यादव का 6 जुलाई की रात पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित महावीर मंदिर, पटना जंक्शन के पास से अपहरण कर लिया गया था। बताया गया कि बंटी अपने घर के पास कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार और असामाजिक गतिविधियों का लगातार विरोध कर रहे थे। इसी विवाद के बाद उनका अपहरण कर लिया गया। अपहरण की घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था, जिसमें बंटी यादव कुछ लोगों से बातचीत करते और फिर उनके साथ जाते हुए दिखाई दिए थे।
विज्ञापन
परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
बंटी यादव के परिजनों ने कोतवाली थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की पहचान होने के बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि पुलिस सक्रिय होती तो बंटी की जान बचाई जा सकती थी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- बिपार्ड में सजी लोकतंत्र की 'पाठशाला', उपराष्ट्रपति; राज्यपाल और सीएम ने संयुक्त रूप से किया उद्घाटन
भाई ने कहा- कार्रवाई होती तो भाई जिंदा होता
मृतक के भाई मुकुल कुमार ने कहा कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो उन्हें अपने भाई को इस तरह नहीं ढूंढना पड़ता। उन्होंने कहा कि उनके घर के पास कुछ लोग देह व्यापार के धंधे में शामिल थे, जिसका बंटी विरोध कर रहे थे। वहीं, कुछ लोग इलाके में आने-जाने वालों से छिनतई भी करते थे।
टेंपो से ले जाने का आरोप, ट्राउजर से हुई पहचान
राजू कुमार ने बताया कि 6 जुलाई की रात करीब एक बजे पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास से बंटी का अपहरण किया गया था। इससे पहले कुछ लोग उनके घर के पास गाली-गलौज कर रहे थे, जिसका उन्होंने विरोध किया था। इसके बाद उन्हें टेंपो में बैठाकर ले जाया गया। शव की पहचान उनके ट्राउजर से की गई। उन्होंने बताया कि अपहरण के बाद परिजनों ने दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया था। बंटी पटना जंक्शन के पास फास्ट फूड की दुकान चलाते थे।
एफएसएल टीम जांच में जुटी
एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने बताया कि शाम करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि फोरलेन किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा है। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था। उन्होंने बताया कि 6 जुलाई की रात कोतवाली थाने में अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं, देह व्यापार से जुड़े आरोपों की भी कोतवाली थाना पुलिस के साथ मिलकर जांच की जाएगी।