Bihar News: कोई पानी में डूबा तो कोई सड़क हादसे का हुआ शिकार, रोहतास में दो किशोर समेत चार की मौत
रोहतास जिले में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए चार दर्दनाक हादसों में दो किशोरों समेत चार लोगों की मौत हो गई। सोन नदी में डूबने, सड़क दुर्घटनाओं और ड्यूटी के दौरान चौकीदार की मौत से जिले में शोक का माहौल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रोहतास जिले में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो किशोरों समेत चार लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। संबंधित थानों की पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल सासाराम में कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सोन नदी में डूबने से किशोर की मौत
पहली घटना डेहरी नगर थाना क्षेत्र की है, जहां सोन नदी में नहाने के दौरान एक किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहन बिगहा गांव निवासी महावीर साहू के 12 वर्षीय पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मोहन बिगहा गांव के चार-पांच किशोर सोन नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान खेलते-खेलते सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। गनीमत रही कि अन्य बच्चे किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन राजू कुमार की डूबने से मौत हो गई।
पिकअप वैन ने 10 वर्षीय बालक को कुचला
दूसरी घटना अमझोर थाना क्षेत्र के चितौली गांव के समीप एनएच-19 सी पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने 10 वर्षीय बालक को कुचल दिया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतक की पहचान चितौली गांव निवासी मुन्ना शाह के पुत्र अंश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अंश किसी काम से सड़क की ओर गया था, तभी यह हादसा हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डेहरी-बंजारी मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम रखा। बाद में प्रशासन द्वारा मुआवजे का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया।
बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
तीसरी घटना काराकाट थाना क्षेत्र के पड़रिया और बुढ़वल गांव के बीच हुई। यहां एक अनियंत्रित बाइक ने साइकिल सवार अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अमौरा गांव निवासी 58 वर्षीय रामनाथ यादव के रूप में हुई है। वह अपने घर से गोडारी बाजार जा रहे थे। जानकारी के अनुसार रामनाथ यादव पेशे से किसान थे। उनकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें- Bihar : एक ही परिवार के पांच बच्चों की मौत; जेसीबी से खोदे गड्ढे में सात बच्चे डूबे, बाकी दो को बचाने की कोशिश
ड्यूटी के दौरान चौकीदार की मौत
चौथी घटना सूर्यपुरा थाना क्षेत्र की है, जहां ड्यूटी के दौरान एक चौकीदार की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई गई है। पुलिस के अनुसार मृतक 50 वर्षीय संजय सिंह नोनहर पंचायत में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत से नोनहर गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि ड्यूटी के दौरान हुई मौत को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।