Bihar News: ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती ने रचा इतिहास, यूपीएससी में 301वीं रैंक लाकर बढ़ाया जिले का मान
Bihar News: भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को अपना रोल मॉडल मानने वाली आकांक्षा का कहना है कि उनकी सफलता के पीछे माता-पिता, गुरुजनों और परिवार का त्याग और आशीर्वाद है।
विस्तार
बिहार के आरा की बेटी आकांक्षा सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में 301वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। जैसे ही रिजल्ट घोषित हुआ, उनके गांव खोपिरा, पवना थाना क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और परिवार सहित पूरे इलाके में जश्न का माहौल बन गया। आकांक्षा सिंह खोपिरा गांव निवासी इंदुभूषण सिंह की पुत्री हैं और रणवीर सेना सुप्रीमो ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती हैं।
कैथोलिक हाई स्कूल से हुई आकांक्षा की प्रारंभिक शिक्षा
आकांक्षा की प्रारंभिक शिक्षा आरा के कैथोलिक हाई स्कूल से हुई। वर्ष 2017 में उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा 80 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। इसके बाद 2019 में कैथोलिक मिशन स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा 81 प्रतिशत अंकों के साथ पास की। आगे की पढ़ाई उन्होंने आरा के वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई हरप्रसाद दास जैन महाविद्यालय से अंग्रेजी प्रतिष्ठा विषय में की और वर्ष 2023 में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
2022 से शुरू की यूपीएससी की तैयारी
आकांक्षा ने वर्ष 2022 से यूपीएससी की तैयारी शुरू की थी। पहले प्रयास में उन्हें प्रीलिम्स में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और दूसरे ही प्रयास में 301वीं रैंक हासिल कर अपनी कड़ी मेहनत और लगन का लोहा मनवा दिया। वह प्रतिदिन करीब 8 से 10 घंटे पढ़ाई करती थीं। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को अपना रोल मॉडल मानने वाली आकांक्षा का कहना है कि उनकी सफलता के पीछे माता-पिता, गुरुजनों और परिवार का त्याग और आशीर्वाद है।
ये भी पढ़ें: सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की जदयू में एंट्री तय; जानें, कब ज्वाइन करेंगे पार्टी?
दादा के सपने को पोती ने किया पूरा
वहीं आकांक्षा के दादा स्वर्गीय ब्रह्मेश्वर नाथ सिंह उर्फ मुखिया जी की भी इच्छा थी कि परिवार से कोई यूपीएससी में सफलता हासिल करे, जिसे आकांक्षा ने साकार कर दिखाया। बेटी की इस उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। गांव के लोग मिठाइयां बांटकर बधाई दे रहे हैं। आकांक्षा का सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा या भारतीय विदेश सेवा में जाकर देश और समाज की सेवा करना है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.