Bihar News: तीसरी बार उमेश सिंह कुशवाहा बने सीएम नीतीश कुमार की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, जानिए क्या कहा?
JDU News: जनता दल यूनाईटेड में उथल-पुथल जारी है। इस बीच पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष पद का चुनाव हुआ। उमेश सिंह कुशवाहा लगातार तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष चुन लिए गए। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा?
विस्तार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद से जनता दल यूनाईटेड सुर्खियो में है। इस बीच प्रदेश कार्यालय के निर्वाचन की खबर आ गई। लगातार तीसरी बार उमेश सिंह कुशवाहा को प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया। पार्टी की संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद उमेश कुशवाहा को निर्विरोध निर्वाचित किया गया। प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार ‘मुन्ना’ और परमहंस कुमार ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण-पत्र सौंपा।
उमेश सिंह कुशवाहा ने प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारियों के समक्ष चार सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। निर्धारित समय-सीमा तक इस पद के लिए उनके अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके बाद निर्धारित स्क्रूटनी प्रक्रिया पूरी होने पर उन्हें निर्विरोध बिहार प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।
Bihar News: नगालैंड के राज्यपाल बने BJP के दिग्गज नंद किशोर यादव के बारे में जानिए, खास बातचीत में क्या बोले?
'तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनना मेरा सौभाग्य है'
फिर से प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आशीर्वाद और मार्गदर्शन में मुझे लगातार तीसरी बार जनता दल यूनाईटेड के बिहार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सेवा करने का अवसर मिला है। उमेश कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में वे संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय और गतिशील बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे तथा ‘न्याय के साथ विकास’ के संकल्प को समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटे रहेंगे। पार्टी को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।