Holi 2026: बिहार में आज होली की धूम, रंग-अबीर के साथ पानी की बौछार; डीजे पर रोक, पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात
Bihar News: बिहार के अधिकांश ग्रामीण इलाकों में पिछले दो दिनों से लोग होली के रंगों में रंगे हैं। शहर में आज होली की धूम है। सुबह से ही लोग एक दूसरे से मिलकर रंगों में रंगते दिख रहे। लोग पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ होली के गीत गा रहे हैं। महिलाएं घरों में विशेष पकवान बना रही हैं, और घर-घर मेहमानों का स्वागत किया जा रहा है। आइये जानते हैं कहां क्या हो रहा है?
विस्तार
पूरा बिहार होली के रंग में रंग गया है। गांव से लेकर शहर तक हर गली मोहल्लों में फगुआ गीत बज रहे हैं। हर तरफ उल्लास का माहौल है। लोग होली पर मस्ती में नजर आ रहे हैं। राज्य के प्रमुख शहरों जैसे पटना, गया, भागलपुर, गोपालगंज, बक्सर, पूर्णिया, बक्सर समेत कई इलाकों में होली के अवसर पर खास तैयारी की गई है। लोग एक-दूसरे के साथ मिलकर रंग खेलने में व्यस्त हैं। पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर युवा और बुजुर्ग सभी मिलकर इस पर्व का जश्न मना रहे हैं। कहीं कुर्ता फाड़ तो कहीं पानी की बौछार वाली होली खेली जा रही है। जगह-जगह हो रहे आयोजनों में लोग रंगों में सरोबार हो रहे हैं। ढोल-नगाड़े के साथ लोग मस्ती में झूम रहे हैं।
लोग रंगों के इस त्यौहार का भरपूर आनंद ले रहे हैं। घरों में पकवानों की खुशबू फैल रही है, जहां लोग पुआ, गुजिया, लड्डू, और अन्य पारंपरिक मिठाइयों का आनंद ले रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में जहां लोग एक दूसरे से मिलकर रंगों में रंगते दिख रहे, वहीं शहरों में भी होली का माहौल रंगीन बना हुआ है। लोग पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ होली के गीत गा रहे हैं। महिलाएं घरों में विशेष पकवान बना रही हैं, और घर-घर मेहमानों का स्वागत किया जा रहा है। होली के अवसर पर विशेष पकवानों भी खूब बन रहे। पुआ, लिट्टी-चोखा, गुजिया जैसी पारंपरिक मिठाइयां बनाई जा रही हैं, वहीं बाजारों में भी मिठाइयों की दुकानों पर भी भीड़ लगी हुई है। लोग परिवार के साथ बैठकर स्वादिष्ट पकवानों का आनंद ले रहे हैं।
सीएम नीतीश कुमार ने क्या कहा?
भाजपा, राजद, कांग्रेस और अन्य दलों के नेताओं ने भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ होली का जश्न मनाया और एक दूसरे को रंग लगाकर भाईचारे का संदेश दिया। होली के अवसर पर सीएम नीतीश कुमार ने बिहार वासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता का प्रतीक है। होली का यह पवित्र त्योहार राज्यवासियों के जीवन में खुशियों के नए रंग लेकर आए। यह पवित्र त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का भी प्रतीक है। होली का त्योहार प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाएं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने क्या कहा?
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सभी देशवासियों को रंगों के पावन पर्व होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। रंगों का यह पर्व प्रेम, भाईचारे एवं आपसी सद्भाव का प्रतीक है। यह हम सभी को जीवन में खुशियों, सकारात्मकता एवं एकता के रंग भरने की प्रेरणा देता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि यह पावन पर्व समस्त देशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य लेकर आए।
राजद सुप्रीमो ने क्या कहा?
राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि आप सबों को होली की मुबारकबाद। होली के पावन अवसर पर पावन रंगों में रंगे अपने जीवन के अनुभव और सेवा का संकल्प आपके चरणों में अर्पित करता हूं। संघर्ष की धूप में तपकर जो कुछ भी मैंने सीखा, वह यह है की इंसान का सबसे सच्चा रंग उसका मानवता के प्रति समर्पण होता है। आइए, इस होली हम समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का वचन दोहराए। रिश्तों, नातों, भाईचारे और भविष्य के उज्ज्वल सपनों और मानवता की भलाई वाले रंग अपनाएं तथा एक दूसरे पर बस यही एक रंग चढ़ाएँ। मेरी कामना है कि आपके घर में खुशियों का रंग बरसे, समाज में सेवा, सद्भाव और सुख का रंग कभी फीका न पड़े।
Holi 2026: बिहार में आज कैसी होली? रंगों की होली कब मनाएंगे, फिर बसिऔड़ा; फगुआ और डंफा की परंपरा भी अलग
डीजे और फूहड़ गीतों पर पूरी तरह रोक
इस बार डीजे और फूहड़ गीतों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से पहले ही दिशा निर्देश जारी कर दी गई है। डीजीपी विनय कुमार ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी हाल में डीजे नहीं बजाएं। फूहड़ गाना बजाने पर भी रोक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि हुड़दंग करने और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पटना, मगध, तिरहुत, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर समेत सभी प्रमंडलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिसबलों की तैनाती की गई है। जिला पुलिस बल के अलावा मुख्यालय से अतिरिक्त बल भी तैनात किए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी साइबर पुलिस की टीम निगरानी रख रही है।
मंत्री रामकृपाल यादव ने खेली अनोखे अंदाज में होली
होली के रंग में सराबोर राजधानी का ऐतिहासिक गांधी मैदान मंगलवार को उत्सव स्थल में तब्दील नजर आया। कृषि मंत्री रामकृपाल यादव लोगों के संग जमकर होली खेलते दिखे। माहौल ऐसा कि हर ओर गुलाल उड़ता रहा और होली के गीत पर मंत्री भी थिरकते दिखे।रामकृपाल यादव कभी ढोल थाम लेते, तो कभी रंगों से सराबोर होकर मंच के सामने थिरकने लगते। कार्यकर्ता भी जोश में नजर आए। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नेताओं और समर्थकों ने एक-दूसरे को रंग लगाया और गले मिलकर बधाई दी। मंत्री रामकृपाल यादव ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने का अपील की।