रोहतास जिले के सासाराम नगर थाने में मंगलवार की दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब पुलिस की मौजूदगी में ही दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दरअसल, सासाराम रेलवे स्टेशन पर हुई मारपीट के बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां भी आपस में उलझ गए। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ चलने लगे।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, वीडियो वायरल
हैरानी की बात यह रही कि थाने परिसर में भी दोनों पक्षों में पुलिस का कोई खौफ नहीं दिखा। स्थिति बेकाबू होते देख वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला। इस दौरान पुलिस ने भी उपद्रवियों को काबू में करने के लिए बल प्रयोग किया। घटना का वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ विवाद
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मंगलवार की अहले सुबह करीब 5 बजे दोनों पक्ष सासाराम रेलवे स्टेशन के समीप चाय पी रहे थे। किसी बात को लेकर उनके बीच हल्की मारपीट हुई थी, जिसके बाद मामला शांत हो गया। बाद में जब दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट रहे थे, तो शहर के काली स्थान के समीप एक बार फिर विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में दोनों पक्षों के तीन-चार लोगों को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंचा।
ये भी पढ़ें: STF को मिली बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी दीपक गिरफ्तार, किराए के मकान से मिला हथियारों का जखीरा
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी: डीएसपी
थाने में मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया है। सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि कई लोगों को हिरासत में लेकर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। थाना परिसर में मारपीट करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।