Pappu Yadav: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव बीमार, डॉक्टर की निगरानी में इलाज चल रहा; किस तरह की परेशानी आई?
पैतृक गांव खुर्दा में मौजूद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। हाल ही में लगातार राजनीतिक गतिविधियों और होली मिलन समारोह में व्यस्त रहने के बाद उनकी सेहत प्रभावित हुई बताई जा रही है। फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार की बात कही गई है।
विस्तार
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की सेहत मंगलवार शाम अचानक खराब हो गई है। सांसद इस समय मधेपुरा स्थित अपने पैतृक गांव खुर्दा में हैं, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। उनके बीमार होने की खबर फैलते ही पूर्णिया और मधेपुरा सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र में समर्थकों के बीच चिंता का माहौल है। सांसद की सेहत से जुड़ी प्राथमिक जानकारी उनके आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर उनके निजी सचिव द्वारा साझा की गई।
चिकित्सकों की देखरेख में हैं पप्पू यादव
पोस्ट में बताया गया कि अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है। सांसद के प्रवक्ता राजेश यादव और करीबी आदिल आरजू ने बताया कि सांसद अब पहले से कुछ बेहतर महसूस कर रहे हैं। हालांकि, बीमारी के स्पष्ट कारणों के बारे में फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन डॉक्टर उनकी गहन जांच कर रहे हैं।
सक्रियता के बाद अचानक बिगड़ी सेहत
हैरानी की बात यह है कि मंगलवार की सुबह ही पप्पू यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जहां उन्होंने कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर मुखर होकर अपनी बात रखी थी। इससे एक दिन पहले, सोमवार को उनके पूर्णिया स्थित आवास ‘अर्जुन भवन’ में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ था। इस कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटी थी और सांसद ने लोगों के साथ मिलकर त्योहार मनाया था। माना जा रहा है कि लगातार भागदौड़ और थकान की वजह से उनकी तबीयत नासाज हुई है।
ये भी पढ़ें: पूर्णिया BJP कार्यालय में अश्लील गानों पर जश्न, महिला नेत्री संग जिलाध्यक्ष की बदसलूकी का वीडियो वायरल
मेडिकल टीम मुस्तैद
सांसद के निजी कार्यालय की ओर से जारी तस्वीरों में डॉक्टर उनकी जांच करते नजर आ रहे हैं। समर्थकों से अपील की गई है कि वे उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करें। फिलहाल खुर्दा स्थित आवास पर मेडिकल टीम मुस्तैद है और उनके स्वास्थ्य मानकों की लगातार निगरानी की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.