Bihar: 16 किलोमीटर की दौड़ बनी जानलेवा! भीषण गर्मी में प्रशिक्षण के दौरान गिरे तीन जवान, एक की मौत
Bihar: रोहतास जिले के डेहरी स्थित बीसैप-2 परिसर में भीषण गर्मी के बीच प्रशिक्षण के दौरान तीन प्रशिक्षु जवानों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को हीट स्ट्रोक की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां समस्तीपुर निवासी जवान श्रीराम कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। दो अन्य जवानों का इलाज जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रोहतास जिले के डेहरी स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस परिसर में मंगलवार को भीषण गर्मी और लू के बीच चल रहे प्रशिक्षण के दौरान तीन प्रशिक्षु जवानों की अचानक तबीयत खराब हो गई। जानकारी के अनुसार, तीन जवानों को हीट स्ट्रोक की शिकायत के बाद सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया था। लेकिन बुधवार को उक्त जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृत जवान श्रीराम कुमार समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर गांव के निवासी थे।
बीसैप-2 में प्रशिक्षण के दौरान बिगड़ी तबीयत
बताया जाता है कि बीते मंगलवार को डेहरी स्थित बीसैप-2 में प्रशिक्षु जवानों का शारीरिक प्रशिक्षण चल रहा था। इसी दौरान करीब 16 किलोमीटर लंबी दौड़ में शामिल तीन प्रशिक्षु जवान तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण बेहोश होकर गिर पड़े। आनन-फानन में वहां मौजूद पुलिस पदाधिकारियों द्वारा तीनों जवानों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।
तीनों जवानों को हीट स्ट्रोक की शिकायत
मामले में सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रिय रंजन ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान जवानों को हीट स्ट्रोक की शिकायत हुई थी। तीन जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो का इलाज जारी है, जबकि एक जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया था। उन्होंने बताया कि अत्यधिक गर्मी, शरीर में पानी की कमी और लगातार शारीरिक परिश्रम के कारण जवानों की तबीयत बिगड़ी है।
इलाज के दौरान जवान ने तोड़ा दम
वहीं, समस्तीपुर जिले के जवान श्रीराम कुमार की बुधवार को पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके शव को एंबुलेंस की मदद से फिलहाल सासाराम स्थित सदर अस्पताल लाया गया है, जहां शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: पीपल पेड़ के नीचे चबूतरे पर बैठे युवक और बच्चे को अचानक तड़पते देखा लोगों ने; सर्पदंश से नहीं बची जान
पीड़ित परिवार को मिलेगा मुआवजा
मामले में सहायक जिला आपदा पदाधिकारी प्रेरणा कुमारी ने बताया कि लू लगने के कारण एक जवान की मौत की सूचना मिली है। चूंकि इस तरह के मामलों में मुआवजे का प्रावधान है, इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लू लगने की पुष्टि होने पर पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।