Bihar News: धागा फैक्ट्री के कब्जे को लेकर विवाद हुआ खूनी, गोलीबारी में युवक गंभीर रूप से घायल
नालंदा के भातु विगहा गांव में धागा फैक्ट्री के कब्जे को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बीच देर रात हुई गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पंचायती बहाने बुलाकर गोली मारी गई।
विस्तार
नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के भातु विगहा गांव में धागा फैक्ट्री के कब्जे को लेकर चल रहे विवाद ने शनिवार-रविवार की देर रात हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान गोलीबारी की घटना में गांव निवासी पवन सिंह के 27 वर्षीय पुत्र प्रिंस सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आधी रात को बुलाकर की गई गोलीबारी
परिजनों ने तत्काल घायल युवक को बिहार शरीफ अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में प्रिंस पटना में इलाजरत है।
धागा फैक्ट्री पर दावेदारी का पुराना विवाद
नीरज सिंह और बबलू सिंह के बीच धागा फैक्ट्री को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच इस संपत्ति को लेकर पहले भी कई बार झड़पें हो चुकी हैं। इस विवाद ने गांव में दो गुटों को जन्म दे दिया है।
आरोप है कि नीरज सिंह, अनुज सिंह, नीतिश सिंह, विक्की सिंह, रणजीत सिंह, आकाश सिंह, अमन सिंह और अन्य अज्ञात लोगों ने करीब दर्जन भर राउंड फायरिंग की है।
पुलिस कर रही गांव में कैंप
बेन थाना अध्यक्ष रवि राज ने बताया कि नीरज सिंह और बबलू सिंह के बीच धागा फैक्ट्री की जमीन को लेकर एग्रीमेंट हुआ था। इसी को लेकर विवाद चल रहा है। पूर्व में भी दोनों पक्षों में लड़ाई-झगड़ा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरीय अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।