{"_id":"69bbc489c4b59dc2330cfeb8","slug":"nalanda-news-two-engineering-students-died-after-their-uncontrolled-car-overturned-in-a-ditch-in-nalanda-patna-news-c-1-1-noi1243-4067078-2026-03-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: नालंदा में अनियंत्रित कार गड्ढे में पलटी, इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्रों की मौत, तीन की हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: नालंदा में अनियंत्रित कार गड्ढे में पलटी, इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्रों की मौत, तीन की हालत गंभीर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा
Published by: पटना ब्यूरो
Updated Thu, 19 Mar 2026 04:12 PM IST
विज्ञापन
सार
Bihar: नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण कार दुर्घटनाग्रस्त हुई, जिसमें फंसे छात्रों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से निकाला गया, लेकिन दो की जान नहीं बच सकी जबकि अन्य का इलाज जारी है।
दुर्घटनाग्रस्त कार
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
नालन्दा के चंडी थाना क्षेत्र के सालेहपुर मोड़ और गौढ़ापर के बीच गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में नालंदा इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब छात्रों से भरी एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
Trending Videos
तेज रफ्तार बनी काल
मिली जानकारी के अनुसार, पांचों छात्र कार में सवार होकर चंडी की ओर से आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार काफी अधिक थी। गौढ़ापर के समीप चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से उतरकर सीधे गड्ढे में पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और छात्र अंदर ही फंस गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
मदद को दौड़े स्थानीय लोग
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही चंडी पुलिस भी दल-बल के साथ पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे छात्रों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए तुरंत रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक और घायलों की पहचान
अस्पताल में डॉक्टरों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया, जिनकी पहचान आशीष कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन अन्य छात्रों धीरज कश्यप, उत्सव सिंह और शशिकांत का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। सभी छात्र नालंदा इंजीनियरिंग कॉलेज के बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: कोचिंग के बहाने भागे प्रेमी युगल, मंदिर में रचाई शादी, पुलिस पहुंची तो हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस ने क्या बताया?
चण्डी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि कार की गति काफी तेज थी, जिसके कारण सालेहपुर-गौढ़ापर के बीच वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरा। दो छात्रों की मौत की पुष्टि हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही कॉलेज परिसर और छात्रों के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन