Patna Metro Station: पटना मेट्रो अब कंकड़बाग तक; मलाही पकड़ी से भूतनाथ स्टेशन के सफर पर निकले CM सम्राट चौधरी
Bihar News : पटना में कंकड़बाग के मलाही पकड़ी तक मेट्रो का सफर शुरू हो गया है। आईएसबीटी से अब सीधे मलाही पकड़ी आ सकेंगे। बुधवार को सीएम सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी से भूतनाथ स्टेशन तक मेट्रो का सफर मीडियाकर्मियों के साथ किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार दोपहर कंकड़बाग के मलाही पकड़ी से भूतनाथ स्टेशन तक मेट्रो का सफर किया। पटना शहर के अंदर मेट्रो अब वास्तव में पहली बार चली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव व विजय कुमार चौधरी और मंत्री नीतीश मिश्रा के अलावा मीडियाकर्मियों के साथ मेट्रो का सफर किया। सुबह 11:45 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मेट्रो स्टेशन पहुंचे। मलाही पकड़ी स्टेशन का भ्रमण करने के बाद एस्केलेरेटर के जरिए सभी नेता प्लेटफॉर्म तक पहुंचे और फिर मेट्रो का सफर शुरू हुआ। वरिष्ठ अधिकारियों की पूरी टीम इस दौरान साथ रही।
अब तक मेट्रो पटना के न्यू बाइपास पर दौड़ रही थी। अब बाइपास से सटे मलाही पकड़ी स्टेशन तक सेवा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री के साथ पहली यात्रा जॉय राइड के रूप में हुई, जिसमें मीडियाकर्मियों और कुछ खास लोगों को मेट्रो का सफर मलाही पकड़ी से भूतनाथ स्टेशन के बीच कराया गया। मलाही पकड़ी-आईएसबीटी का किराया 30 रुपये रखा गया है। अब तक आईएसबीटी-भूतनाथ रोड का सफर 15 रुपये में हो रहा था।
बीच के एक स्टेशन पर नहीं खुलेंगे दरवाजे
इस उद्घाटन के साथ अंतरराज्यीय बस अड्डा बैरिया से मलाही पकड़ी कंकड़बाग तक पटना मेट्रो का सफर शुरू हो गया है, हालांकि बीच के एक स्टेशन पर यह नहीं रुकेगी। न यात्री यहां से फिलहाल यात्रा शुरू कर सकेंगे और न यहां उतर कर समापन। सीएम भी जब यात्रा के लिए बैठे तो यही उद्घोषणा सबसे पहले हुई। क्योंकि, पटना मेट्रो का खेमनीचक स्टेशन अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है। महाली पकड़ी स्टेशन पहले 15 जनवरी के बाद से शुरू होने वाला था, लेकिन अब जाकर यह शुरू हो सका है। खेमनीचक स्टेशन के लिए आधिकारिक तौर पर फिलहाल 15 दिनों का समय कहा जा रहा है, लेकिन शुरू होने की तारीख आने के बाद ही कुछ पक्का कहा जा सकेगा। तब तक इस स्टेशन पर मेट्रो नहीं रुकेगी। खेमनीचक स्टेशन से ही बाद में मेट्रो मीठापुर, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, करबिगहिया होते हुए पटना जंक्शन पहुंचेगी। अभी इन स्टेशनों और इसके रूट पर मेट्रो ट्रैक का काम शुरुआती दौर में भी ठीक से नहीं पहुंचा है।
करीब 13,365 करोड़ की लागत से पटना मेट्रो का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ था। प्रथम फेज के पहले कॉरिडोर में 6 अक्टूबर 2025 को आईएसबीटी से भूतनाथ रोड तक करीब 3.2 किलोमीटर मेट्रो का परिचालन तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुरू कराया था। यानी, बिहार विधानसभा चुनाव के ठीक पहले यह सौगात दी गई थी। अब करीब आठ महीने बाद 2 जुलाई को मौजूदा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो सेवा का विस्तार किया। गुरुवार को मुख्यमंत्री के इस सफर के बाद आईएसबीटी से लेकर मलाही पकड़ी तक करीब छह किलोमीटर की दूरी में मेट्रो की सेवा आम यात्रियों को भी मिलने लगेगी।
अंडरग्राउंड मेट्रो में अभी समय लगेगा
मेट्रो शुरू होने के रोमांच के बाद अंडरग्राउंड का इंतजार लोग कर रहे हैं। अब तक पटना में भूमिगत का कोई प्रोजेक्ट शुरू नहीं हुआ है। दो संग्रहालयों के बीच भूमिगत मार्ग और पटना मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट का इंतजार लोग बेसब्री से कर रहे हैं। आज शुरू हो रहे मलाही पकड़ी स्टेशन के बाद से मेट्रो भूमिगत हो जाएगी। छह भूमिगत स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें राजेंद्र नगर, मोइन उल हक स्टेडियम, पटना साइंस कॉलेज, पीएमसीएच, गांधी मैदान और आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन शामिल है।