Bihar News: शादीशुदा महिला को इश्क करना पड़ा भारी, प्रेमी ने उतारा मौत के घाट फिर शव को लगाया ठिकाने
Bihar News: रोहतास जिले के अकोढी गोला प्रखंड के बाघाखोह गांव में कुएं से मिले महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतका की पहचान गया की रहने वाली पायल यादव उर्फ पूनम देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अवैध संबंध छिपाने के लिए उसके प्रेमी धर्मेंद्र कुमार ने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया था।
विस्तार
रोहतास जिले के अकोढी गोला प्रखंड क्षेत्र के बाघाखोह गांव स्थित एक कुएं से 14 मार्च को बरामद महिला के शव मामले में पुलिस ने सोमवार को बड़ा खुलासा किया है। जांच के बाद पुलिस ने घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मृतका की पहचान गया जिले की रहने वाली पायल यादव उर्फ पूनम देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी अरवल जिले में हुई थी, जबकि उसका पति बच्चे के साथ पटना में रहता है।
प्रेमी ने की हत्या, कुएं में फेंका शव
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले महिला की हत्या की और बाद में साक्ष्य छिपाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने घटनास्थल के पास पुआल के ढेर से खून के धब्बे, महिला की टूटी चूड़ियां और अन्य सामान बरामद किया है।
कई वर्षों से चल रहा था प्रेम संबंध
पुलिस पूछताछ में आरोपी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उसका और पायल यादव का कई वर्षों से प्रेम संबंध था। पायल अपने पति और बच्चे को छोड़ चुकी थी और दोनों आंध्र प्रदेश में साथ रहकर मजदूरी करते थे।
दूसरी शादी से नाराज थी महिला
पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र ने बिना बताए गांव में दूसरी शादी कर ली थी और यहीं रहने लगा था। जब इसकी जानकारी पायल को मिली तो वह आंध्र प्रदेश से सीधे रोहतास पहुंच गई और प्रेमी से जवाब मांगने लगी।
अवैध संबंध छिपाने के लिए रची साजिश
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि परिवार से प्रेम संबंध छिपाने के लिए उसने हत्या की साजिश रची। उसने पायल को बाघाखोह टोला में अपने रिश्तेदार के पास बुलाया और रात में मौका देखकर धारदार हथियार से हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया।
ये भी पढ़ें: दोस्तों के मजाक पर हुआ बवाल, दर्जनभर लोगों ने घर में घुसकर पीटा; चार घायल
पांच गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने धर्मेंद्र कुमार सिंह, कामेश्वर सिंह, उपेंद्र कुमार उर्फ अमिताभ कुमार, नकुल सिंह और संटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। एसपी रौशन कुमार ने बताया कि मामले में तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांड के खुलासे में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.