Bihar: जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो गुटों के बीच फायरिंग में दो लोग घायल; पुलिस मौके पर पहुंची
पटना के गोपालपुर में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। मारपीट के बाद गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए। पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
विस्तार
पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। सोमवार को हुए इस विवाद में मारपीट के बाद गोलीबारी हो गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दो बीघा जमीन को लेकर ओमप्रकाश और जितेंद्र कुमार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि दो दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हल्की मारपीट हुई थी, हालांकि तब मामला शांत हो गया था, लेकिन तनाव बना हुआ था।
सोमवार को बादशाही पइन के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले लाठी-डंडे चले और देखते ही देखते मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। फायरिंग में ओमप्रकाश के जांघ में गोली लगी, जबकि जितेंद्र कुमार के पेट को छूते हुए गोली निकल गई।
पढ़ें: कॉलेजों ने तोड़ी नियमों की सीमा; तय सीट से ज्यादा नामांकन; एक कोर्स के लिए दो विवि से ली मान्यता
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला पूरी तरह जमीन विवाद से जुड़ा है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।