पूर्णिया में भीड़ का उन्माद: मिलावट के शक में फूंका मोमो का ठेला, अफवाह फैलाने वाला एक आरोपी गिरफ्तार
Bihar: पूर्णिया के रामबाग चौक पर मोमो में मिलावट की अफवाह से उग्र भीड़ ने एक गरीब दुकानदार का ठेला जला दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अफवाह फैलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
विस्तार
पूर्णिया के रामबाग चौक पर शनिवार की देर शाम एक मामूली अफवाह ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया। मोमो में मिलावट का झूठा आरोप लगाकर आक्रोशित भीड़ ने न केवल कानून की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि एक गरीब दुकानदार की रोजी-रोटी (ठेला) को आग के हवाले कर दिया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अफवाह फैलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ जारी है।
शनिवार शाम जब बाजार अपने शबाब पर था, तभी रामबाग चौक पर स्थित एक मोमो ठेले को लेकर किसी ने मिलावट की अफवाह उड़ा दी। बिना किसी जांच या ठोस सबूत के भीड़ उग्र हो गई। दुकानदार, जो जलालगढ़ क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है, उसने जान बचाने के लिए मौके से भागना ही बेहतर समझा। पीछे से उग्र भीड़ ने ठेले को तहस-नहस कर उसमें आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने मोर्चा संभाला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रविवार संध्या से ही रामबाग चौक पर भारी पुलिस बल तैनात है।
पढे़ं; जीएमसीएच में बवाल, रसोई में काम कर रहीं जीविका दीदियों से जूनियर डॉक्टरों की मारपीट; कई घायल
वहीं सदर थाना के अपर थानाध्यक्ष शशि कुमार भगत ने साफ तौर पर कहा कि प्रथम दृष्टया मिलावट का कोई प्रमाण नहीं मिला है। यह पूरी तरह से एक सुनियोजित अफवाह प्रतीत होती है। पुलिस ने अफवाह फैलाने और शांति भंग करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अन्य हुड़दंगियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और वीडियो खंगाले जा रहे हैं। अपर थानाध्यक्ष ने जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट का संदेह होने पर पुलिस या खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करना नागरिक का कर्तव्य है। कानून हाथ में लेकर किसी की संपत्ति को आग लगाना जघन्य अपराध है। पीड़ित दुकानदार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
