Bihar: मक्के के खेत में महिला से आरोपी ने किया गंदाकाम, डर की वजह से जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश
पूर्णिया के मीरगंज थाना क्षेत्र में मक्के के खेत में एक महिला से जबरन दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की, जिसे पुलिस हिरासत में इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
पूर्णिया जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ मक्के के खेत में जबरन दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस कार्रवाई और सामाजिक बदनामी के डर से आरोपी युवक ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। आरोपी को पुलिस हिरासत में इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
आरोपी की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र निवासी मन्नू कुमार के रूप में हुई है, जो पहले भी इसी तरह के अपराध में जेल जा चुका है। पीड़िता द्वारा मीरगंज थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, वह दोपहर के समय अपने घर से पश्चिम दिशा में स्थित नदी पार कर मक्के के खेत में फसल देखने गई थी। इसी दौरान गांव का ही युवक मन्नू कुमार वहां पहुंचा और महिला को अकेला पाकर जबरन पकड़ लिया।
पीड़िता ने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने मक्के के खेत में उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
पीड़िता ने थाने में दर्ज कराया मामला
घटना के बाद पीड़िता बदहवास हालत में घर पहुंची और अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दंपति ने तुरंत मीरगंज थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई। इधर, गिरफ्तारी और लोक-लाज के भय से आरोपी मन्नू कुमार ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल वह पूर्णिया जीएमसीएच में डॉक्टरों और पुलिस की कड़ी निगरानी में इलाजरत है।
पहले भी दुष्कर्म के मामले में जा चुका है जेल
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी मन्नू कुमार एक आदतन अपराधी है। वह वर्ष 2024 में भी एक अन्य महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है और कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। जेल से बाहर आते ही उसने एक बार फिर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
ये भी पढ़ें- Bihar : 'पूर्व सीएम राबड़ी देवी पर कार्रवाई करें'- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद् में क्यों कहा ऐसा?
पुलिस का बयान
मीरगंज थाना की अपर थानाध्यक्ष सरिता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है और डॉक्टरों द्वारा स्वस्थ घोषित किए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पूर्णिया GMCH में इलाजरत आरोपी युवक