Bihar News: गांधी मैदान में बवाल, खान सर को लेकर छात्रों का गुस्सा फूटा, मंच पर जमकर किया हंगामा
Bihar News: गया के गांधी मैदान में आयोजित विश्व शांति महोत्सव के दौरान उस समय माहौल बिगड़ गया जब चर्चित शिक्षक खान सर के कार्यक्रम में न पहुंचने की जानकारी सामने आई। बड़ी संख्या में आए छात्र और युवा नाराज हो गए और उन्होंने कुर्सियां फेंककर तथा तोड़फोड़ कर हंगामा शुरू कर दिया।
विस्तार
गया जी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में पीस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बैनर तले आयोजित तीन दिवसीय विश्व शांति महोत्सव की शुरुआत भले ही शांतिपूर्ण माहौल में हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दरअसल, इस महोत्सव में शामिल होने के लिए चर्चित शिक्षक खान सर का नाम प्रमुख रूप से प्रचारित किया गया था, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में छात्र और युवा पहुंचे थे।
केंद्रीय मंत्री ने किया कार्यक्रम का उद्धाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी समेत विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं और बुद्धिजीवियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। मंच पर हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध और जैन धर्म के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जो विश्व शांति और आपसी भाईचारे का संदेश देने के लिए एकत्र हुए थे। लेकिन उद्घाटन के तुरंत बाद जैसे ही छात्रों को यह जानकारी मिली कि खान सर कार्यक्रम में मौजूद नहीं हैं, माहौल अचानक गरमा गया। नाराज छात्रों और युवाओं ने दर्शक दीर्घा में हंगामा शुरू कर दिया। कुछ युवाओं ने कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं, कई कुर्सियां तोड़ दी गईं और आयोजकों के खिलाफ नारेबाजी की गई। उनका कहना था कि जब खान सर के आने का प्रचार किया गया था, तो उन्हें कार्यक्रम में उपस्थित होना चाहिए था।
ये भी पढ़ें: टंकी फुल कराने आए बदमाशों ने मचाया तांडव, पेट्रोल पंप कर्मी को गोली मारकर लूटे 18 हजार
बोधगया में थे खान सर
जानकारी के मुताबिक, खान सर उसी दिन बोधगया में एक निजी अस्पताल के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसके बाद उनका कार्यक्रम पटना में तय हो गया, जिसके चलते वे समय पर गांधी मैदान नहीं पहुंच सके। हालांकि आयोजक समिति के सदस्य हलीम खान ने बताया कि खान सर देर रात करीब 10 बजे तक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस कार्यक्रम में पंजाब के शाही इमाम की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। फिलहाल, भारी भीड़ और हंगामे के कारण कार्यक्रम की व्यवस्था प्रभावित हुई, लेकिन आयोजक स्थिति को संभालने में जुटे रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.