Bihar: फिल्मी स्टाइल में ज्वेलर्स की दुकान से पांच मिनट में 25 लाख की लूट, सीसीटीवी में कैद नकाबपोश अपराधी
सीवान के बसंतपुर थाना क्षेत्र में हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने अरुण ज्वेलर्स एवं बर्तन भंडार में घुसकर करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
बिहार के सीवान जिले में अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बसंतपुर थाना क्षेत्र के बाजार स्थित अरुण ज्वेलर्स एवं बर्तन भंडार में हथियार के बल पर करीब 25 लाख रुपये की लूट कर ली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, नकाबपोश करीब छह की संख्या में आए अपराधी अचानक दुकान में घुस गए। अपराधियों के हाथों में हथियार थे और उन्होंने आते ही दुकान में मौजूद लोगों को आतंकित कर दिया। कुछ ही मिनटों में अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में दुकान से सोने-चांदी के आभूषण और कैश समेट लिया।
सभी अपराधी मौके से फरार हो गए
बताया जा रहा है कि लूट की कुल रकम करीब 25 लाख रुपये के आसपास है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात थाने से थोड़ी ही दूरी पर स्थित बाजार में हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारी भी काफी आक्रोशित हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Politics: सीमांचल-कोसी को अलग करने की साजिश, सांसद पप्पू यादव ने क्यों कहा मेरी लाश से गुजरना होगा?
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है, जिसमें नकाबपोश अपराधी ज्वेलरी और कैश लूटते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वहीं इस मामले पर थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

पुलिस टीम।