Bihar: सैनिक के बेटे ने पहनी अफसर की वर्दी; सारण के अभिषेक बने भारतीय सेना के कमीशंड अधिकारी
Saran: सारण जिले के अतरसन गांव निवासी अभिषेक कुमार सिंह भारतीय सेना में कमीशंड अधिकारी बन गए हैं। पूर्व सैनिक के पुत्र अभिषेक ने सैनिक स्कूल नालंदा से शिक्षा प्राप्त करने के बाद इंडियन मिलिट्री अकादमी, देहरादून से सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अतरसन गांव के युवा अभिषेक कुमार सिंह ने भारतीय सेना में अधिकारी बनकर जिले का मान और सम्मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। अभिषेक भारतीय सेना में कमीशंड अधिकारी बनने के बाद युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गए हैं। अभिषेक कुमार सिंह, भारतीय सेना के पूर्व सैनिक जितेन्द्र कुमार सिंह के पुत्र हैं। बचपन से ही उन्होंने सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा करने का सपना देखा था। पिता के अनुशासन, मार्गदर्शन और प्रेरणा ने उनके इस सपने को मजबूत आधार दिया।
नालंदा से प्राप्त की प्रारंभिक शिक्षा
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सैनिक स्कूल, नालंदा (बिहार) से प्राप्त की, जहां उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास हुआ। अभिषेक कुमार सिंह की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अतरसन गांव सहित पूरे सारण जिले में हर्ष और गौरव का वातावरण है।
सपने से हकीकत तक का प्रेरणादायक सफर
कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और लगन के बल पर अभिषेक ने इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए), देहरादून में प्रवेश प्राप्त किया। यहां उन्होंने चार वर्षों तक कठोर सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए हर चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया।
13 जून को बने कमीशंड अधिकारी
प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद 13 जून 2026 को वह भारतीय सेना में कमीशंड अधिकारी बने। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सारण जिले के लिए गर्व का विषय है।
सफलता की खबर से गांव में जश्न का माहौल
अभिषेक की सफलता की खबर मिलते ही अतरसन गांव में उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये भी पढ़ें: पूर्णिया एयरपोर्ट से लौट रहे हाइवा को कंटेनर ने रौंदा, केबिन में फंसे चालक-खलासी; एक की मौत
युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
ग्रामीणों ने कहा कि अभिषेक ने यह साबित कर दिया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है। ग्रामीणों का मानना है कि अभिषेक की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करेगी।