Bihar: गोपालगंज में इंटर के छात्र की चाकू मारकर हत्या, शव दरवाजे पर फेंका, तीन आरोपी गिरफ्तार; गांव में तनाव
Bihar Crime: परिजनों का आरोप है कि गांव की एक लड़की ने फोन कर कृष्णा को देर शाम बाहर बुलाया था। इसी दौरान योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पढ़ें पूरी खबर
विस्तार
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के बेलही खास पंचायत अंतर्गत पटखौली गांव में सोमवार देर रात अपराधियों ने इंटरमीडिएट के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने शव को मृतक के घर के दरवाजे पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान पटखौली गांव निवासी जुगुल गुप्ता के 18 वर्षीय पुत्र कृष्णा गुप्ता के रूप में हुई है।
हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव और आसपास के इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने पकहा बाजार के समीप मुख्य सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक आनंद मोहन गुप्ता और थानाध्यक्ष रजनीश प्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। इस बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने गिरफ्तार आरोपियों की पिटाई कर दी, जिससे पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख जिलाधिकारी पवन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर माहौल शांत कराया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और पूरे गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।
पढे़ं; सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद परिजन आक्रोशित, डॉक्टरों पर ऑक्सीजन बंद करने का लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि गांव की एक लड़की ने फोन कर कृष्णा को देर शाम बाहर बुलाया था। इसी दौरान योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव घर के सामने फेंककर फरार हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग की। हालांकि वरीय पदाधिकारियों ने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि मंगलवार सुबह पटखौली गांव से एक युवक का शव बरामद किया गया। हत्या मामले में अब तक शबाना, हशरफ सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। मामला संवेदनशील है और हर पहलू की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।