सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Saran News ›   Bihar News: CM Nitish Kumar inaugurated schemes worth Rs 1599 crore in Gopalganj.

Bihar News : '2005 से पहले भय का माहौल था, आज शांति और विकास है', सीएम नीतीश ने रोजगार को लेकर किया बड़ा वादा

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोपालगंज Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Sun, 28 Sep 2025 12:59 PM IST
विज्ञापन
सार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद संजय झा रविवार को गोपालगंज पहुंचे। सबेया फील्ड में स्टॉलों का निरीक्षण और लाभुकों से संवाद के बाद मुख्यमंत्री ने 1599 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

Bihar News: CM Nitish Kumar inaugurated schemes worth Rs 1599 crore in Gopalganj.
Bihar News : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद संजय झा रविवार को गोपालगंज पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने सबेया फील्ड में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के लाभुकों से सीधा संवाद स्थापित किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कुल 1599 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने राज्य के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने लाभुकों से बातचीत के दौरान उनकी समस्याएं और सुझाव सुने और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
Trending Videos


पढ़ें: मछुआरों के लिए नीतीश सरकार का तोहफा, नाव और जाल पर 90% तक अनुदान; सौगात
विज्ञापन
विज्ञापन

'हमने हर क्षेत्र में सुधार शुरू किया'
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी बड़ी संख्या में यहां पहुंचे हैं, इसके लिए मैं आपका स्वागत करता हूं। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर 2005 को बिहार में एनडीए की सरकार बनी थी और तब से लगातार राज्य के विकास और लोगों के उत्थान के लिए काम किया जा रहा है। नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में भय और अराजकता का माहौल था। लोग शाम ढलते ही घरों से निकलने से डरते थे। पढ़ाई-लिखाई और स्वास्थ्य सेवाएं बेहद खराब स्थिति में थीं। सड़कों और बिजली की भी भारी कमी थी। सरकार में आने के बाद हमने हर क्षेत्र में सुधार शुरू किया। आज राज्य में शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव का माहौल है।

बिहार में मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी बढ़ाई गई
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए गए। लाखों शिक्षकों की बहाली हुई, नए स्कूल खुले और अब सरकारी स्कूलों में नियमित पढ़ाई हो रही है। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी पहले से बहुत बेहतर हो गई है। पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक-दो मरीज आते थे, अब हर महीने हजारों लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं। मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी बढ़ाई गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़क और पुलों के निर्माण पर लगातार काम हुआ है। हर घर तक बिजली, नल का जल और शौचालय जैसी सुविधाएं पहुंचाई गईं। सात निश्चय और सात निश्चय-2 योजनाओं के तहत युवाओं को नौकरी और रोजगार देने पर विशेष ध्यान दिया गया। अब तक 49 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार या नौकरी दी जा चुकी है। लक्ष्य है कि अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार मिले।

नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया-सीएम
महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर नीतीश कुमार ने कहा कि पंचायत और नगर निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने से लेकर पुलिस और सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया। आज राज्य में 1 करोड़ 40 लाख महिलाएं जीविका समूहों से जुड़ी हैं। शहरी क्षेत्रों में भी अब ये समूह बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय और अन्य वंचित तबकों के लिए भी लगातार काम हुआ है। मदरसों को मान्यता दी गई, शिक्षकों को वेतन मिला और गरीब परिवारों को आर्थिक मदद देने की योजना शुरू की गई।

बिहार के बजट में हुई बढ़ोतरी
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार का बजट अब 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जबकि 2005 में यह सिर्फ 28 हजार करोड़ था। केंद्र सरकार से भी लगातार सहयोग मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से बिहार में कई बड़े विकास कार्य शुरू हुए हैं, जिनमें ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, मखाना बोर्ड और खाद्य प्रसंस्करण संस्थान की स्थापना शामिल है।

गोपालगंज जिले में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, छात्रावास और अस्पताल स्थापित किए गए हैं। सड़कों, पुलों, तटबंधों और मंदिरों के विकास पर भी काम हुआ है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर कई नई योजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

ये भी पढ़ें- Bihar News : उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने किया मां चामुंडा देवी का दर्शन, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम- सम्राट चौधरी
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सरकार की उपलब्धियों पर कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, सांसद संजय झा ने क्षेत्र के विकास के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए अपने विचार रखे। इस कार्यक्रम का मंच संचालन भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गिरी ने किया। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, जनक राम, भाजपा के पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी, रामसेवक सिंह और जदयू जिलाध्यक्ष आदित्य शंकर शाही ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- 

ये भी पढ़ें- Bihar News: विधायक विजय कुमार मंडल पर फूटा जनता का गुस्सा, लालू यादव से शिकायत का वीडियो वायरल



 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed