Bihar News: सीवान सदर अस्पताल में हंगामा, घायल के परिजनों ने आपात कक्ष के डॉक्टर को पीटा; सेवाएं ठप
Bihar News: घटना के बाद अस्पतालकर्मियों ने किसी तरह डॉक्टर को बचाया। मारपीट से आहत डॉक्टर राघवेंद्र बाजपेई रोने लगे और खुद को असुरक्षित बताते हुए नौकरी से इस्तीफा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे दूसरे प्रदेश से हैं और दोबारा उन पर हमला हो सकता है।
विस्तार
सीवान सदर अस्पताल में मंगलवार को सड़क दुर्घटना में घायल एक मरीज के परिजनों ने आपात कक्ष में तैनात डॉक्टर से गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। इस घटना से आक्रोशित डॉक्टरों ने अस्पताल की आपात सेवाएं ठप कर दीं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, दरौंदा थाना क्षेत्र के धनाडीह निवासी बृजनंदन सिंह के पुत्र अजीत कुमार सिंह सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, दरौंदा से उन्हें एक्स-रे और सीटी स्कैन के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। शाम लगभग पांच बजे परिजन घायल को लेकर आपात कक्ष पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात डॉ. राघवेंद्र बाजपेई से मरीज देखने को कहा। जब डॉक्टर ने मरीज को अंदर लाने की बात कही तो परिजन भड़क गए और गाली-गलौज करने के बाद केबिन में घुसकर डॉक्टर की पिटाई कर दी।
पढ़ें: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'विकास पुरुष' पुस्तक का ठाकुरबाड़ी में किया लोकार्पण, लेखक को दी बधाई
घटना के बाद अस्पतालकर्मियों ने किसी तरह डॉक्टर को बचाया। मारपीट से आहत डॉक्टर राघवेंद्र बाजपेई रोने लगे और खुद को असुरक्षित बताते हुए नौकरी से इस्तीफा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे दूसरे प्रदेश से हैं और दोबारा उन पर हमला हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद और सदर अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे। अधीक्षक ने बताया कि डॉक्टर के आवेदन पर हमलावर परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। वहीं, सिविल सर्जन ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द डॉक्टरों को समझाकर आपात सेवाएं बहाल कराई जाएं।