Bihar News: मिठाई का लालच देकर नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
गोपालगंज के हथुआ गांव में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज, गांव में तनाव बना हुआ है।
विस्तार
गोपालगंज जिले के हथुआ थाना क्षेत्र के हथुआ गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अधेड़ व्यक्ति ने प्रलोभन देकर घटना को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित चंदन प्रसाद उर्फ चंडी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए हथुआ थानाध्यक्ष शोएब आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद मोहन गुप्ता और अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार चंदन मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है।
पढ़ें: आंध्र प्रदेश पुनर्गठन विधेयक पर नीतीश कुमार की पार्टी का रुख आया सामने; जदयू ने समर्थन पर क्या कहा
एफएसएल टीम ने घटनास्थल और आरोपित के कमरे से साक्ष्य एकत्र कर कमरे को सील कर दिया है। बताया जाता है कि आरोपित अविवाहित है और मिठाई बनाने का काम करता था। घटना के बाद उसके परिजन घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पीड़िता की मां के आवेदन पर आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।