Bihar: गोपालगंज नाव हादसे में चौथे दिन मिला मृतका का शव, गंडक किनारे मचा कोहराम; तीसरी किशोरी की तलाश जारी
गोपालगंज जिले के गंडक नदी के डुमरिया घाट पर हुए दर्दनाक नाव हादसे के चौथे दिन सोमवार को प्रशासन को एक और बड़ी सफलता मिली, लेकिन पीड़ित परिवार के लिए यह दिन भारी वज्रपात जैसा रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के गोपालगंज जिले के सिधवलिया प्रखंड स्थित गंडक नदी के डुमरिया घाट पर हुए दर्दनाक नाव हादसे के चौथे दिन सोमवार को प्रशासन को एक और सफलता मिली। नदी से लापता एक और किशोरी का शव बरामद कर लिया गया। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी चंदन यादव की छोटी बेटी कृति कुमारी के रूप में हुई है।
कृति का शव एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही घाट पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कृति की मां, दादी और दादा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीएम अनिल कुमार सोमवार को खुद डुमरिया घाट पहुंचे। उन्होंने मौके पर कैंप कर रही एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम से रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जब तक सभी लापता बच्चियों का पता नहीं चल जाता, तब तक खोज अभियान लगातार जारी रखा जाए। इसके बाद एसडीएम ने मृत और लापता किशोरियों के पिता चंदन यादव से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सरकारी सहायता का भरोसा दिया।
पढे़ं: तेजस्वी यादव को यह क्या संदेश दे रहा राजद कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर? लालू के साथ रोहिणी और यह मैसेज!
गौरतलब है कि डुमरिया घाट पर हुए नाव हादसे में कुल तीन किशोरियां गंडक नदी की तेज धारा में डूब गई थीं। प्रशासन और बचाव दल की लगातार कोशिशों के बाद रविवार को अनन्या का शव बरामद किया गया था। सोमवार को कृति का शव मिलने के बाद अब तीसरी लापता किशोरी रिया की तलाश तेज कर दी गई है।
एसडीआरएफ की टीम के अनुसार, नदी में चल रहे पुल निर्माण कार्य के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं। आशंका है कि शव निर्माणाधीन पाए के लोहे के रॉड में फंस गया हो सकता है या तेज धारा के कारण बालू के नीचे दब गया हो। गहरे पानी और कम दृश्यता के कारण गोताखोरों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसके बावजूद जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी है, ताकि जल्द से जल्द लापता किशोरी रिया का भी पता लगाया जा सके।