Bihar: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से टूटा जर्जर बिजली का पोल, नीचे दबकर मासूम की मौत, मचा हड़कंप
छपरा के एकमा थाना क्षेत्र के रामपुर बिंदालाल के मठिया गांव में सोमवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। सेमरिया घाट से पवित्र सरयू जल लेकर श्री ढोंढस्थान शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली जर्जर बिजली के पोल से टकरा गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव के जलाभिषेक की तैयारी कर रहे एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। छपरा के एकमा थाना क्षेत्र के रामपुर बिंदालाल के मठिया गांव में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जनता बाजार स्थित प्रसिद्ध श्री ढोंढस्थान शिव मंदिर में जल चढ़ाने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से सड़क किनारे लगा जर्जर बिजली का पोल टूटकर गिर गया। पोल की चपेट में आने से 12 वर्षीय कुंदन कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जलाभिषेक के लिए सेमरिया घाट से जल लाने की थी तैयारी
जानकारी के अनुसार, गांव के लोग सावन की परंपरा के तहत रिविलगंज के सेमरिया घाट से पवित्र सरयू जल भरकर जनता बाजार स्थित श्री ढोंढस्थान शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जाने वाले थे। इसे लेकर पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल था। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने की तैयारी में जुटे थे और ट्रैक्टर-ट्रॉली से जल लेकर मंदिर जाने वाले थे।
इसी दौरान श्रद्धालुओं को लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलने ही वाली थी कि वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक जर्जर विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जर्जर बिजली का पोल भरभराकर नीचे आ गिरा। इसी दौरान पास में खड़ा बीरबल राय का 12 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार उसकी चपेट में आ गया।
भारी पोल के नीचे दब गया मासूम
टक्कर के बाद भारी-भरकम कंक्रीट का बिजली का पोल सीधे मासूम कुंदन के ऊपर जा गिरा। वह पोल के नीचे बुरी तरह दब गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पोल हटाकर कुंदन को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
कुंदन की मौत की खबर मिलते ही जलाभिषेक की तैयारी में जुटे लोगों के बीच मातम पसर गया। कुछ ही देर पहले जहां भगवान भोलेनाथ के जयकारों और भक्ति से माहौल गूंज रहा था, वहीं हादसे के बाद चीख-पुकार और करुण क्रंदन सुनाई देने लगा।
इकलौते छोटे चिराग की मौत से परिवार में मचा कोहराम
12 वर्षीय कुंदन की मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने अपने इकलौते छोटे चिराग को खो दिया। हादसे की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद जनता बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कुंदन के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। सावन में जलाभिषेक के लिए निकले श्रद्धालुओं के बीच हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।